सोनीपत स्टैंड स्थित राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ग्राम सचिव की परीक्षा के दौरान सू?
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से शनिवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर बनाए गए 27 परीक्षा केंद्रों पर ग्राम सचिव की परीक्षा हुई। जिसमें 6441 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। सुबह के समय 60 प्रतिशत तो शाम के समय 63 प्रतिशत आवेदकों की उपस्थिति दर्ज हुई। दोनों सत्रों में 37 फीसदी अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। प्रशासन ने परीक्षाएं नकल रहित कराने के लिए कड़ी व्यवस्थाएं की थीं, जिसमें केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे, साथ ही उड़नदस्तों ने छापा डालकर अभ्यर्थियों की नजर रखी। रविवार को होने वाली परीक्षा में भी सख्ती बरतने के निर्देश उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने दिए हैं।
परीक्षा केंद्रों में जब अभ्यर्थियों को प्रवेश करवाया जा रहा था तो उस दौरान कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं दिखा। अभ्यर्थी कॉलेजों के बाहर प्रवेश करने के लिए कतार में एक दूसरे से चिपके खड़े हुए थे। महिलाओं व युवतियों को बालियां व अंगूठी निकालने के बाद ही प्रवेश करवाया जा रहा था। युवकों के लिए बेल्ट भी उतारनी पड़ी। प्रवेश पत्रों की जांच कर रहे युवकों ने भी मास्क अच्छी तरह से नहीं लगाया हुआ था।
हालांकि कुछ परीक्षा केंद्रों पर खडे़ चौकीदार ने आने वाले आवेदकों को मास्क व सेनेटाइजेशन करवाया और शरीर का तापमान जांचने के बाद ही परीक्षा में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के नोडल अधिकारी एसडीएम राकेश कुमार ने बताया कि सभी स्थानों पर परीक्षा शांति पूर्ण ढंग से समाप्त हुई। पुलिस व प्रशासन की टीम की ओर से हर केंद्र पर ड्यूटी के हिसाब से लोग तैनात रहे। प्रशासन की ओर से रविवार को होनी परीक्षा की भी पूरी तैयारी है।
--------
बच्चों को खिलाते नजर आए उनके पापा
ज्यादातर महिलाएं छोटे बच्चों को साथ लेकर परीक्षा देने आई थीं। लेकिन जब महिलाएं पेपर के लिए प्रवेश कर रही थीं तो बच्चे रो रहे थे तो कुछ छोटे बच्चे खेलते नजर आ रहे थे। परीक्षा शुरू होने के बाद छोटेे बच्चे पिता की गोद में खेलते हुए तो कुछ रोते हुए नजर आए।
-----
परीक्षा छूटते ही मुख्य मार्गों पर लगा जाम
शहर में परीक्षा छूटते ही अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ गई। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की वजह से शहर की अधिकांश सड़कों पर खासकर परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने करीब एक घंटे में जाम को खत्म कराया।
-------------
पं नेकीराम राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को ग्राम सचिव की परीक्षा देकर लौटते परीक्षार्थी। अमर ?- फोटो : RohtakCity