32...रोहतक के कलानौर ब्लॉक में प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील के तहत दोपहर का भोजन करते विद्य
- फोटो : स्त्रोत सूचना विभाग
रोहतक। राजकीय प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के 36 हजार विद्यार्थियों को 20 दिन बाद भी इंस्टेंट खीर और पिन्नी नहीं मिल पाई है। मिड-डे मील के तहत राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को इंस्टेंट खीर और पिन्नी की नई डाइट मिलने का इंतजार है जबकि उनको एक नवंबर से यह आहार मिलना था।
विभाग की ओर से बाल वाटिका-तीन से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों की पोषण स्थिति में सुधार के लिए सप्ताह में एक दिन इंस्टेंट खीर और एक दिन पिन्नी वितरित करने की योजना बनाई है।
योजना के तहत निदेशक मौलिक शिक्षा ने एक नवंबर से 31 मार्च 2026 तक खीर और पिन्नी वितरित करने के लिए निर्देश दिए थे लेकिन नवंबर के 20 दिन बीत जाने के बाद भी स्कूलों में इसकी सप्लाई नहीं हुई है।
मॉडल टाउन स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बाल भवन निकट माध्यमिक विद्यालय व जनता कॉलोनी स्थित विद्यालय व कलानौर ब्लॉक के विद्यालयों का दौरा करने पर देखा गया कि विद्यार्थी मासिक डाइट प्लान के अनुसार राजमा-चावल का आहार ग्रहण कर रहे हैं।
बच्चों से बातचीत की गई कि आपको खीर और पिन्नी मिली की नहीं तो उन्होंने नकार दिया। वहीं, विद्यालय शिक्षिकाओं ने कहा कि मुख्यालय से तो पत्र जारी हुआ है लेकिन अभी तक दोनों चीजों की सप्लाई नहीं हुई है। जिले के 411 विद्यालयों के लिए कुल 36,000 विद्यार्थियों को खीर और पिन्नी दी जानी है। इनमें प्राइमरी के करीब 20,000 विद्यार्थी शामिल हैं।
मिड-डे मील योजना के तहत खीर और पिन्नी की डिमांड भेजी गई है। जिले में सप्लाई होने के बाद ही खीर और पिन्नी का वितरण किया जाएगा। -दिलजीत सिंह, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।