19जेएनडी34-एक गांव के निजी स्कूल में बसों की जांच करने पहुंची आरटीए की टीम। संवाद
जींद। जिला परिवहन विभाग की तरफ से स्कूली बसों की जांच की गई। जांच के दौरान पांच बसों में सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स और फायर सिलिंडर नहीं मिला और बसों का साढ़े तीन हजार रुपये का चालान किया गया।
वीरवार को जिला परिवहन विभाग की टीम ने अशरफगढ़ और बराह खुर्द के तीन स्कूलों में 17 बसों की जांच की गई। जांच में कई तरह की खामियां पाई गईं। वहीं पिछले सप्ताह दो निजी स्कूलों में 36 बसों की जांच की गई थी। उस दौरान जांच में सभी मानक पूरे पाए गए थे। इसके चलते पिछले सप्ताह कोई जुर्माना नहीं लगाया गया था।
एडीसी प्रदीप कुमार ने अधिकारियों को निर्देश थे कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
स्कूलों में चलने वाले सभी वाहन तय मानकों के अनुसार होने चाहिए। किसी भी वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाया जाए। सभी स्कूल बसों के चालक और परिचालकों की ट्रेनिंग भी करवाई जाए ताकि वे यातायात नियमों का पालन करें और बच्चों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें।
वर्जन
आरटीए कार्यालय की ओर से अशरफगढ़ और बराह खुर्द में तीन स्कूलों की 17 बसों की जांच की गई। उनमें खामियां मिलने पर साढ़े तीन हजार रुपये का चालान किया गया है।
-बलजीत सिंह, इंस्पेक्टर, जिला परिवहन विभाग जींद