जसिया में यशपाल मलिक गुट का भाईचारा सम्मेलन आज
: सीएम की गोहाना में इसी दिन रैली के चलते प्रशासन अलर्ट
: समिति ने की डीसी द्वारा धारा 144 लगाने की निंदा
: सरकार की घुड़की से नहीं डरेंगे : कृष्णलाल हुड्डा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जसिया गांव में जाट आरक्षण संघर्ष समिति की तरफ से रविवार को भाईचारा सम्मेलन होगा। इसे समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक संबोधित करेंगे। दूसरी तरफ, रविवार को ही गोहाना में जसिया से 18 किलोमीटर दूर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का किसान सम्मेलन है। इसके चलते रोहतक व सोनीपत पुलिस ने रोहतक-गोहाना रोड पर चौकसी बढ़ा दी है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति पैदा न हो जाए। भाईचारा सम्मेलन में 16 अगस्त से शुरू होने वाले आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
वहीं, जाट आरक्षण संघर्ष समिति के मुख्य महासचिव कृष्णलाल हुड्डा ने बयान जारी किया है कि भाईचारे सम्मेलन को असफल करने के लिए जिला प्रशासन ने धारा 144 लगाई है। इसके बावजूद जाट समाज के लोग जसिया में एकत्रित होंगे। हुड्डा ने सवाल किया कि राजनीतिक दलों की रैली, यात्राएं व दूसरे कार्यक्रम चलते रहते हैं, वहां तो प्रशासन धाराएं नहीं लगाता। जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने तो भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए सम्मेलन का आयोजन किया है।