फोटो : 118 से 122 व 124 से 127
लाइफ साइंस व फोरेंसिक साइंस में प्रवेश के लिए 3935 ने दी परीक्षा
- पीजी कोर्सों में सेंट्रलाइज्ड एडमिशन के तहत हुई प्रवेश परीक्षा ने कैंपस व दिल्ली बाईपास किया जाम
- सेंट्रलाइज्ड एडमिशन के चलते परीक्षा के लिए अल सुबह घर से निकले विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक । प्रदेश के सात विश्वविद्यालयों के पीजी कोर्सों में प्रवेश के लिए बुधवार को 3935 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। प्रात:कालीन सत्र में लाइफ साइंस के 3475 व सायंकालीन सत्र में फोरेंसिक साइंस के 460 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। विज्ञान संकाय की जिम्मेदारी संभाल रहा एमडीयू प्रशासन 28 जून को इसका परिणाम जारी करेगा। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। यही नहीं परीक्षा के बाद कैंपस लेकर बाहर तक जाम लग गया। हालात ये रहे कि दिल्ली बाईपास तक यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह चरमरा गई।
इनसो कार्यकर्ताओं ने ट्रैफिक व्यवस्था बनाने पर दिया सहयोग
एमडीयू परिसर में जाम के दौरान इनसो कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदारी संभाली। इनसो राष्ट्रीय महासचिव रामबीर बडाला व प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप देशवाल की देखरेख में कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था बनाने में सहयोग दिया। लोगों को जाम से निकलने में मदद की, यही नहीं गर्मी में परेशान लोगों को पानी भी पिलाया।
एसएफआई ने विद्यार्थियों को पहुंचाया सेंटर
एमडीयू में दूसरे जिलों से आने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में खासी परेशानी उठानी पड़ी। एसएफआई राज्य सचिव सुमित कुमार की देखरेख हेल्प डेस्क लगाई। यहां विद्यार्थियों को उनके सेंटर पर जाने का रास्ता वे अन्य समस्याओं का निदान किया गया। कार्यकर्ताओं ने ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में भी सहयोग दिया।
जमा से बिगड़ी यातायात व्यवस्था
पीजी कोर्सों की प्रवेश परीक्षा खत्म होते ही विद्यार्थियों की भीड़ लग गई। एमडीयू से बाहर निकलने वाले वाहनों के कारण कैंपस ही नहीं दिल्ली बाईपास तक जाम लग गया। सैकड़ों वाहनों के एक साथ सड़क पर आने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। इस दौरान वाहन रंगते नजर आए। दुपहिया वाहन चालक ही नहीं पैदल जाने वालों को भी खासी परेशानी उठानी पड़ी। इस दौरान एमडीयू के गार्ड नदारद नजर आए। पुलिस के जवान भी मौके पर नहीं होने के कारण अव्यवस्था बनी रही।
जाम से बचने के लिए खोला गेट नंबर दो
एमडीयू कैंपस में जाम के कारण लोग परेशान रहे। इस दौरान बिगड़े हालात देख कर भी विवि प्रशासन ने चुप रहा। कैंपस में गेट नंबर दो से वीसी निवास तक व गेट नंबर एक से वीसी कार्यालय तक सड़क पर वाहनों की कतार नजर आई। बाद में प्रशासन ने गेट नंबर दो खोला। इसके बाद वाहनों की भीड़ सड़क से कुछ कम हुई। कैंपस में करीब एक घंटे बाद सड़कें खाली हुई।