रेलवे स्टेशनों पर कीमैन, गैंगमैन के बच्चों को मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के बाद बच्चों को पैरों पर खड़ा करने के दिए आर्थिक मदद भी करेगा रेल विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
रेल विभाग ने अपने कर्मचारियों के बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने को अनूठी पहल की है। विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कीमैन, गैंगमैन के बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वर्कशॉप आयोजित कराई जाएगी। बाद में बच्चों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए रेल विभाग मदद भी करेगा।
दरअसल, विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर की मैन, गैंग मैन अन्य प्रदेशों के तैनात रहते हैं। की मैन व गैंग मैन के बच्चों को रेल विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। सीपीआरओ रेलवे नितिन चौधरी ने बताया कि रोहतक समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कीमैन व गैंगमैन के बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। इसके तहत रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के जाने के बाद वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। जिसमें बच्चों को आत्मनिर्भर होने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों के बच्चों को पैरों पर खड़ा करने के लिए रेल विभाग आर्थिक रूप से मदद भी करेगा। तीन माह के अंदर वर्कशॉप का निर्माण कराना शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा समय समय पर कर्मचारियों की बैठक लेकर उनकी समस्याओं का भी निस्तारण किया जाएगा। समस्याओं के निस्तारण के लिए जल्द ही नंबर भी जारी किया जाएगा।
--
कीमैन और गैंगमैन के बच्चों को कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण दिया जाना है। जिसके लिए जल्द ही रेलवे स्टेशन पर भवन का निर्माण करा दिया जाएगा। कीमैन और गैंगमैन के बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह बढ़िया कदम है।
-नितिन चौधरी, सीपीआरओ, दिल्ली मंडल।