काठमंडी में फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू
चरखी दादरी।
90 दिन पहले बंद हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान को नगर परिषद ने दोबारा शुरू कर दिया है। अभियान की शुरुआत मंगलवार को रोज गार्डन के पास से की गई। इसके बाद नगर परिषद टीम परशुराम चौक, पुराना बस स्टैंड व रेलवे रोड पर अभियान चलाने पहुंची। करीब ढाई घंटे चले अभियान के दौरान नप टीम ने दो ट्राली सामान जब्त किया। इतना ही दस दुकानदारों के चालान भी काटे। हालांकि पहले दिन नगर परिषद के साथ पुलिस प्रशासन नजर नहीं आया और कई दुकानदारों के साथ टीम की झड़प भी हुई। वहीं, कई दुकानदारों ने नप टीम पर भेदभाव बरतने के आरोप भी जड़े।
गौरतलब है कि अप्रैल व मई माह में नगर परिषद डीसी विजय कुमार सिदप्पा के आदेशों पर शहर में अतिक्रमण अभियान चलाया था। इससे पहले अभियान का शेड्यूल तैयार की डीसी से इसके लिए मंजूरी ली गई थी। अतिक्रमण का गढ़ माने जाने वाली काठमंडी में पहले सड़क किनारे से मिट्टी उठाने का विरोध हुआ तो बाद में फड़ की जगह को पक्की कराने को लेकर बवाल मच गया और मामला राजनैतिक गलियारों में जा पहुंचा। स्थानीय नेताओं के संज्ञान में मामला लाने के बाद सीएम के ओएसडी तक यह मामला जा पहुंचा था लेकिन इसके बाद भी अभियान रूका नहीं। काठमंडी एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से वार्ता कर फड़ वाली जगह खाली करने का वादा किया था जोकि व्यापारियों ने निभा दिया। इसके बाद 27 मई को अभियान बंद हो गया था। पिछले कुछ दिनों से दुकानों के आगे अवैध रूप से बने चबूतरे तोड़ने के बाद दुकानदार इनका पुन: निर्माण करने में जुट गए थे। अमर उजाला ने 19 जून के संस्करण में अभियान बंद होते ही अतिक्रमण करने में जुट गए दुकानदार नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित कर नगर परिषद का ध्यान और दिलाया था। इस दौरान अधिकारियों ने नए सिरे से अभियान दोबारा शुरू करने का तर्क दिया था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे रोजगार्डन के सामने फुटपाथ पर लगी रेहड़ियों से इसकी शुरुआत की गई। इन रेहड़ियों का कुछ सामान नप टीम ने जब्त किया तो कुछेक रेहड़ीधारकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। इसके बाद जब टीम बस स्टैंड के सामने पहुंची तो हर बार की तरह अभियान का विरोध शुरू हो गया। सामान जब्त करने पर कुछ दुकानदार तो टीम से उलझ भी पड़े। कुछ ने सामान उठाना नाजायज बताया तो कुछ ने व्यक्ति विशेष को टारगेट करने के आरोप नप टीम पर जड़े। मौके पर मौजूद नप अधिकारियों ने इन आरोपों को नजरअंदाज कर अपना अभियान जारी रखा और टीम परशुराम चौक तक जा पहुंचा। यहां तक नप टीम ने एक ट्राली सामान दुकानदारों का जब्त किया। इसके बाद टीम अंबेडकर चौक व रेलवे रोड से होती लाला लाजपतराय चौक पहुंची।
नए निर्माणाधीन चबूतरों को अनदेखा कर आगे बढ़ी टीम
गौरतलब है कि नप टीम ने मई माह में पुराना बस स्टैंड से लेकर लाला लाजपतराय चौक व पुरानी अनाज मंडी तक दुकानों के बाहर बने चबूतरे तोड़े थे। पिछले कुछ दिनों से बरसात को देखते हुए दुकानदारों ने दोबारा से चबूतरों का निर्माण शुरू करवा दिया है। मंगलवार को दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त कर रही टीम जब इस क्षेत्र में पहुंची तो यहां नव निर्माणाधीन चबूतरों को अनदेखा कर आगे बढ़ गई। नप टीम की नजरअंदाजी ने कही न कहीं पुन: चबूतरों का निर्माण करवाने वाले दुकानदारों के हौसले बढ़ा दिए।
कहीं दुकानदार उलझे तो कहीं कर्मचारी सामान उठाने पर पड़े
अभियान के दस कदम चलते ही बस स्टैंड के सामने सामान उठाने को लेकर बवाल खड़ा हो गया था। एक दुकानदार का साइन बोर्ड उठाने पर वह दुकानदार टीम सदस्यों से उलझ पड़ा। उसके पक्ष में अन्य दुकानदार भी उतर आए और टीम पर भाई-भतीजावाद की भावना बरतने के आरोप जड़ दिए। करीब ढाई घंटे चले इस अभियान के दौरान झड़प की आधा दर्जन घटनाएं देखने को मिली। कुछ में दुकानदार नप कर्मचारियों से उलझे तो कुछ में नप कर्मचारी बाहर रखा सामान उठाने के तर्क पर अड़े रहे। अभियान के पहले दिन नप को पुलिस बल की कमी भी खली।
वर्जन:
आभियान की शुरुआत हमने मंगलवार से कर दी है। पहले दिन दो ट्राली सामान जब्त किया गया है। पुलिस से हमने मदद मांगी है और अब अभियान जारी रहेगा। अतिक्रमणकारियों से दोबारा से सख्ती से निपटा जाएगा।
संजय यादव, सचिव नगर परिषद