अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
पानीपत थर्मल प्लांट में चार में से तीन यूनिट में आई खराबी के कारण हिसार जिले के 80 से अधिक गांव व पुराने शहर में 12 घंटे बिजली गुल रही। नये शहर का कुछ हिस्सा भी प्रभावित रहा। रात 9:30 बजे बाद पुराने शहर के कुछ क्षेत्र में रोटेशन वाइज बिजली आपूर्ति शुरू की गई।
पानीपत में वर्तमान में एक ही यूनिट बिजली उत्पादन कर रही है। इसी यूनिट पर ही इन एरिया का पूरा लोड डाला हुआ है। यह यूनिट भी कब तक चलेगी इसकी कोई गारंटी नहीं है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि पानीपत से कट के निर्देश हैं। अब ये कब तक रहेगा इसकी जानकारी नहीं है। सुबह साढ़े 10 बजे से पुराने शहर में तो पूरी तरह से बिजली गुल थी। लोड न डालने की स्थिति में रोटेशन वाइज कुछ क्षेत्रों में बिजली सप्लाई कुछ कुछ देर के लिए दी जा रही थी। कुछ हिस्सों में दोपहर एक बजे बिजली गायब हो गई। पानीपत यूनिट से हिसार में एचवीपीएन में शाम आठ बजने से पांच मिनट पहले मैसेज आया कि तुरंत सभी 132 केवी बिजली घर बंद कर दिए जाएं। इसके बाद इंडस्ट्रीयल एरिया के 220 केवी सब स्टेशन से निकलने वाली सप्लाई बंद कर दी गई। यहां से सप्लाई होने वाली बीड़ 132 केवी सब स्टेशन से भी सप्लाई बंद करनी पड़ी। हालांकि इन सब स्टेशनों पर बिजली आपूर्ति दी गई थी मगर आगामी आदेशों तक लोड न डालने के निर्देश जारी किए गए।
पुराने शहर के यह क्षेत्र प्रभावित
मिलगेट एरिया, श्यामलाल बाग, महाबीर कॉलोनी, मुलतानी चौक, सैनियान मोहल्ला, खजांनचियान बाजार, गांधी चौक, राजगुरु मार्केट, ऑटो मार्केट, मोती बाजार, वकीलाना बाजार, सिटी थाना रोड, तायल गार्डन, ऋषि नगर, देवीभवन कॉलोनी, अग्रवाल व अग्रसेन कॉलोनी, लोहामंडी, शक्ति नगर, प्रेम नगर, प्रति नगर, सेक्टर 14, हाउसिंग बोर्ड, सुंदर नगर, विकास नगर में बंद रही। इसके अलावा 80 से अधिक गांव प्रभावित हैं।
नहीं हुई शाम को पेयजल आपूर्ति
पुराने शहर में कई एरिया में सुबह साढ़े 10 बजे से ही बिजली गायब हो गई थी। शरवासियों को एक टाइम ही पानी की सप्लाई मिल पाई। शाम को पुराने शहर में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। थ्री फेस में से एक ही फेस में बिजली आपूर्ति रोटेशन वाइज दी जा रही थी।
पीछे से लोड न डालने के निर्देश हैं। यह कब तक रहेगा कुछ बताया नहीं जा सकता। 220 केवी से 132 केवी सब स्टेशन पर सप्लाई नहीं हो पा रही। 132 केवी बीड़ सब स्टेशन से लगभग पुराना शहर पूरा प्रभावित है।
- अमित कुमार, एसडीओ सिटी डिविजन।