प्रदेश सरकार के निर्देश पर शुक्रवार को बिजली निगम की 30 टीमों ने सर्कल में बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष कार्रवाई की। इसके तहत जिले में 345 लोगोें पर बिजली चोरी करने पर 98 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बिजली निगम के सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह पंचकूला स्थित मुख्यालय से व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना मिली कि बिजली चोरों के खिलाफ एकसाथ कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का समय नियत करके जल्द से जल्द टीमें गठित करने के आदेश दिए गए। इसके तहत रोहतक सर्कल में कार्रवाई करने के लिए बिजली निगम अधिकारियों ने 30 टीमें गठित की। टीम में बिजली निगम की विजिलेंस के साथ-साथ निर्माण, प्रशासनिक आदि विभाग के कर्मियों को शामिल किया गया। सूत्रों ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे सभी 30 टीमों में कार्रवाई की। टीमों ने पहले शहर में 46 बिजली चोरी पकड़ी, जिसमें करीब 16 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में 299 बिजली चोरी पकड़ी, इसमें करीब 82 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्यकारी अभियंता मेहताब सिंह ने बताया कि मुख्यालय से आए अति गोपनीय संदेश के बाद टीमों का गठन करके बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जिले में 345 बिजली चोरी पकड़ी गई। जिनपर करीब 98 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।