रोहतक। चरखी-दादरी की पटाखा फैक्टरी के मालिक से एक युवती ने इंश्योरेंस कंपनी की अधिकारी बनकर 3 लाख 40 हजार 600 रुपये ठग लिए। अब 10 लाख रुपये की मांग की जा रही है। फैक्टरी मालिक रावलधी निवासी जयसिंह ने रोहतक रेंज के साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज करवाया है।
पुलिस के मुताबिक पटाखा फैक्टरी मालिक जयसिंह ने दी शिकायत में बताया कि उसकी खुद की पटाखा फैक्टरी है और पटाखे का काम करता है। साथ ही परिवार की इंश्योरेंस कंपनी से पॉलिसी करवा रखी है। मई माह में उसके पास एक लड़की का फोन आया। उसने खुद को इंश्योरेंस कंपनी की अधिकारी बताया। बोली, आपकी पॉलिसी घाटे में चल रही। जब उसने पूछा की क्या किया जाए। तब उसने एक नंबर दिया। उस नंबर पर विवेक शर्मा नाम के व्यक्ति ने बात की। उसने खुद फोन करके कहा कि कुछ पैसे जमा करा दीजिए, जिससे आपकी पॉलिसी का पैसा वापस चेक के द्वारा दे दिया जाएगा। इसके बाद अलग-अलग समय पर कुल 3 लाख 40 हजार 600 रुपये जमा करवा लिए। अब 10 लाख रुपये की मांग की गई। कहा गया कि आपको 29 लाख 9 हजार का चेक दिया जाएगा। उसने मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।