महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ जिले से गुजरने वाले 152डी राष्ट्रीय राजमार्ग के सहारे क्षेत्र में विकास के साथ-साथ नशे के कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी है। पिछले एक साल के दौरान पुलिस ने 2793 पेटी अवैध शराब पकड़ी है साथ ही 20 आरोपियों को जेल भी भेजा है। दिसंबर के दौरान ही पुलिस की ओर से चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 867 पेटी अवैध शराब पकड़ी है। दो साल पूर्व ग्रीन कॉरिडोर 152 डी शुरू होने से विकास ने रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी नशा तश्करों को भी खूब राश आ रहा है। पकड़े गए मामलों में हर बार तस्कर नई-नई तरकीब लगाते पकड़े गए हैं। इस ग्रीन कॉरिडोर की घोषणा 2018 में भारत माला-1 के तहत की गई थी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 14 जुलाई 2020 को इसका शिलान्यास किया था।
हाईवे पर हर एक किलोमीटर पर उच्चस्तरीय सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनके माध्यम से पुलिस भी संदिग्धों पर नजर रख रही है। कैमरे नजदीकी कंट्रोल रूम से जुड़े हैं तथा कंट्रोल रूम से एंबुलेंस को सूचित किया जाता है। पुलिस की ओर से पकड़े आरोपियों के तार राजस्थान, गुजरात, पंजाब व हरियाणा प्रदेश से जुड़े हुए हैं। नशा तस्कर भी इस मार्ग पर नए-नए तरीकों के माध्यम से तश्करी कर रहे हैं। पुलिस की ओर से काबू किए गए यह आरोपी कभी कंटेनर तो कभी तेल के टैंकरों तो कभी फलों की पेटियों के माध्यम से अवैध रूप से शराब ले जाते हुए पाए गए हैं।
16 दिसंबर को पकड़ी थी 352 पेटी शराब
16 दिसंबर को तेल टैंकर से 352 पेटी अवैध शराब बरामद की थी और दो आरोपियों देवाराम निवासी हेमा गुढ़ा और जोगाराम निवासी हेमा गुढ़ा जिला सांचौर राजस्थान को गिरफ्तार किया था। आरोपित तेल के टैंकर में चंडीगढ़ से अवैध शराब भरकर गुजरात ले जा रहे थे। इससे पहले भी महेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की जा चुकी है और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं इस मामले में तीसरे आरोपी के रूप में अमराराम निवासी हेमा गुढ़ा को जयपुर से गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने चंडीगढ़ से गाड़ी में अवैध शराब भरकर भिजवाई थी। शराब से भरे तेल के टैंकर की पायलट कर रहा था। पुलिस ने आरोपी से उस गाड़ी को बरामद किया है, जिससे वह पायलट कर रहा था। रिमांड के दौरान अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त अन्य आरोपितों के संबंध में पूछताछ की गई। सीआईए नारनौल की टीम ने शराब तस्करी में संलिप्त आरोपी सुनील उर्फ जॉनी निवासी निमड़ी वाली को गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि शराब तस्करी में हिस्सेदार है। तीनों आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई और चंडीगढ़ में शराब के ठेके से टैंकर में दारू भरवाने वाले का पता लगाया और उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया जिसकी पहचान संजीव निवासी एसएएस नगर सोहाना चंडीगढ़ के रूप में हुई थी।
दिसंबर में पकड़ी गई है सबसे अधिक शराब
माह पेटी संख्या
फरवरी 870 पेटी
मार्च 493 पेटी
जून 256 पेटी
दिसंबर 867 पेटी
जिला में किसी भी प्रकार के नशे के कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस की पैनी नजर है। नशा तस्करों पर जिला पुलिस ने पूरी तरह से शिकंजा कसा हुआ है। पड़ोसी राज्यों से आने वाली अवैध शराब कई बार पकड़ी जा चुकी है। नशा तस्करों को पकड़ने के लिए स्पेशल पुलिस जांच टीमों का गठन किया हुआ है, जोकि दिन रात नशा तस्करों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। वहीं हरियाणा उदय के तहत युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।
- नितिश अग्रवाल, एसपी जिला महेंद्रगढ़।