जिले में 11-14 अप्रैल तक टीका उत्सव के दौरान 27 हजार लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई गई। उक्त जानकारी उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण रोकना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने कहा कि लोग खुद कोरोना से बचें और दूसरों की भी मदद करें। कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसे में यह हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है कि दूसरों की मदद की भावना रखें। कम पढ़े-लिखे और बुजुर्गों को कोरोना वैक्सीन लगवाने में सहायता करें। कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों ही टीके पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावशाली हैं, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि टीका उत्सव के अंतिम दिन शहर में 17 कैंप आयोजित कर 6550 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। टीका उत्सव के दौरान शहरी क्षेत्र में साठ शिविर आयोजित किए गए, आठ स्थायी केंद्रों पर टीके लगाए गए। सभी सीएचसी और पीएचसी पर भी टीकाकरण हुआ। पात्र लोग सरकारी या निजी अस्पतालों में मौके पर ही रजिस्ट्रेशन करवा कर वैक्सीन लगवा सकते हैं। इसके साथ ही मास्क और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन जरूरी है। मास्क न पहनने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।