शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र से गुजर रही जेएलएन नहर से वीरवार को अलग-अलग समय में दो शव मिले। इनमें एक शव युवती का व एक शव किशोर का था। दोनों शवों की शनाख्त हो गई। पुलिस ने शवों को पीजीआई भिजवाया व उनके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन पीजीआई पहुंचे। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174ए के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी इंसपेक्टर बलवंत सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल को नहर में नहाते वक्त शीतल नगर निवासी आर्यन (16) संदिग्ध परिस्थितियों में बह गया था। उसके साथ उसका ताऊ का लड़का भी था, जोकि किसी तरह नहर से बाहर आ गया था। उसकी तलाश में परिजन व पुलिस लगातार प्रयास कर रहे थे। इसी प्रयास के बीच वीरवार सुबह परिजनों को नहर में एक युवती का शव दिखाई दिया। शव को गांव वालों की मदद से बाहर निकाला। युवती के कपड़ों से उसका आधार कार्ड मिला। इससे उसकी पहचान चंचल (18) निवासी शीतल नगर के रूप में हुई। युवती के परिजनों को सूचित किया गया। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी 12 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। वहीं, दोपहर बाद आर्यन का शव भी कन्हेली हेड से 2 किलोमीटर आगे मिला।