पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कथूरा गांव से 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। बदमाश से पूछताछ की जा रही है।
एसटीएफ प्रभारी निरीक्षक संदीप धनखड़ ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में संलिप्त संदीप उर्फ तमिला बेरी इलाके में घूम रहा है। सूचना पर टीम ने वहां छापा मारा। इस दौरान टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश झज्जर के मलिकपुर निवासी संदीप उर्फ तमिला को गिरफ्तार किया। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी संदीप उर्फ तमिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 मार्च 2019 को छुछकवास चौक पर अच्छेज निवासी भीम की गोली मारकर हत्या की थी। इस संदर्भ में मुकदमा नंबर 94 बेरी थाना में दर्ज है। पुलिस महानिदेशक ने बदमाश की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फरारी के दौरान आरोपी ने भीम हत्याकांड के गवाह चरखी दादरी के पैंतावास निवासी धीरज को जान से मारने की नीयत से गोली मारी। इसमें आरोपी की गिरफ्तारी होनी थी। आरोपी के खिलाफ बेरी थाने में हत्या, हत्या प्रयास व अन्य धाराओं के तहत पांच मामले दर्ज हैं।