रेवाड़ी। शनिवार को जिले के 60 परीक्षा केंद्रों पर सीईटी की परीक्षाओं का आयोजन हुआ। परीक्षाएं दो सत्र में चलीं। शनिवार को 60480 अभ्यर्थियों ने परीक्षा देनी थी। दोनों सत्रों में कुल 35619 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान 24861 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। रविवार के दोनों सत्र में 58720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर प्रशासन की तरफ से पहले ही कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक व फेस ऑथेंटिफिकेशन जैसी तकनीकों से परीक्षार्थियों की पहचान की जा रही थी। परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के उपकरण में अन्य सामान लेकर जाने की इजाजत नहीं थी मगर कई छात्र ऐसे मिले जिन्होंने घड़ी, हाथ में धागे आदि पहने हुए थे। मौके पर वहां तैनात कर्मियों द्वारा घड़ी और हाथ में बंधे धागों को उतरवाकर प्रवेश दिया गया। सबसे अधिक परेशानी महिला अभ्यर्थियों के लिए रही। क्योंकि कई महिला अभ्यर्थी ऐसी थी जिन्होंने नोज पिन पहना हुआ था। नोज पिन निकालने में ऐसे अभ्यर्थियों के परिजनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई थी। मगर इसका कोई भी खास असर देखने को नहीं मिला। अधिकतर परीक्षा केंद्रों के बाहर लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी रही।
केएलपी कॉलेज में आधा घंटा देरी से अभ्यर्थियों को दिया गया प्रवेश
सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों को साढ़े 12 बजे से प्रवेश देना शुरू कर दिया गया था। मगर दिल्ली रोड स्थित केएलपी कॉलेज में स्थिति कुछ और ही रही। यहां पर अभ्यर्थी अपने समय से तो परीक्षा केंद्र के बाहर पहुंच गए थे। उन्हें प्रवेश आधा घंटा देरी से मिला। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अपना विरोध भी जताया। साथ ही कहा कि प्रवेश का समय साढ़े 12 बजे निर्धारित किया गया था। आधा घंटा देरी हो जाने के बाद भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। दोपहर 1 बजे के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी गई। रेवाड़ी निवासी राजवीर ने बताया कि वह अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए केएलपी कॉलेज आया था। मगर समय पर प्रवेश ही नहीं दिया गया।
परीक्षा की समय सारणी:
सुबह की परीक्षा का समय : 10 बजे से 11:45 बजे तक
सुबह की शिफ्ट में एंट्री का समय : 7:30 बजे से 9:30 बजे तक
सायं कालीन सत्र में परीक्षा का समय : 3 बजे से शाम 4:45 बजे तक
सायं कालीन सत्र में एंट्री का समय : 12:30 से 2:30 बजे तक
यूं समझे परीक्षा का पहला दिन...
सुबह का सत्र में अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा- 17657
अनुपस्थित रहे अभ्यर्थी -12583
शाम के सत्र में अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा- - 17962
अनुपस्थित रहे अभ्यर्थी - 12278
अभ्यर्थियों ने देनी थी परीक्षा- 30240