‘सुंदर मुंदरिए-हो, तेरा कौन विचारा-हो’ गीत पर थिरका शहर
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
रोेहतक।
पंजाब का प्रमुख त्योहार लोहड़ी शनिवार को जिले भर में ‘सुंदर मुंदरिए-हो, तेरा कौन विचारा-हो’ गीत के साथ धूमधाम से मनाया गया। यह पर्व सर्दियों के जाने और बसंत ऋतु के आगमन के संदेश के साथ लोकरीति रिवाजों के अलावा आधुनिक ढंग से मनाया गया। पंजाबी मोहल्लों में कई स्थानों पर लकड़ी व उपलों का ढेर बना कर अग्नि जलाई गई और इसमें रबी की फसलों को अर्पित किया गया। इस परंपरा को कई शिक्षण संस्थानों में भी हर्षोल्लास से मनाया गया। इसके बाद सभी ने पवित्र अग्नि के चारों तरफ गीत गाकर चक्कर लगाते हुए नृत्य किया।
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स ग्राउंड में शनिवार को पहली बार जश्न के साथ लोहड़ी पर्व मनाया गया। इसमें कुलपति डॉ. ओ.पी. कालरा, डॉ. नमिता कालरा, कुल सचिव डॉ. एच.के. अग्रवाल, डीन डॉ. एमसी गुप्ता, डीन एकेडमिक अफेयर डॉ. रोहताश यादव, डीन छात्र कल्याण डॉ. ध्रुव चौधरी, प्राचार्य डॉ. संजय तिवारी, चीफ वार्डन एवं फोरेंसिक विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. धत्तरवाल, डॉ. प्रदीप खन्ना ने लोहड़ी जलाकर सभी को बधाई दी। इसके बाद ढोल व डीजे पर छात्र-छात्राएं जमकर थिरके। कार्यक्रम में कुलपति ने अपनी धर्मपत्नी के साथ ढोल की थाप पर नृत्य किया। आयोजन में कुलपति डॉ. ओ.पी. कालरा ने सभी को पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोहड़ी रेवड़ी के साथ मनाया जाने वाला त्योहार है और रोहतक की रेवड़ी विश्व में प्रसिद्ध है। मौके पर कुलपति ने डीन छात्र कल्याण डॉ. ध्रुव चौधरी को कहा कि अगले माह तक छात्रों के स्पोर्ट्स करवाएं जाएं, इसमें सभी छात्र बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। आयोजन का संचालन डॉ. वरुण अरोड़ा व डॉ. हरनीत ने किया।
महत्वपूर्ण समाचार
फोटो सहित
रक्तदान शिविर लगाकर मनाया मकर संक्रांति पर्व
रोहतक।
सेक्टर एक स्थित जाट भवन में शनिवार को मकर संक्रांति पर्व पर रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का आयोजन श्याम सेवा समिति की ओर से किया गया था। इसमें पीजीआईएमएस के ब्लड बैंक की टीम ने 101 यूनिट रक्त एकत्रित किया। शिविर में बतौर मुख्यातिथि युवा समाजसेवी एवं नेता राहुल देशवाल उपस्थित रहे। राहुल ने स्वयं रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया और सभी रक्तदाताओं को बैज, स्मृति चिन्ह व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। राहुल ने बताया कि जाट भवन के गेट पर ब्लड बैंक की बस खड़ी थी, इसमें कुछ राहगीरों ने स्वयं जागरूक हो कर रक्तदान किया। इस मौके पर प्रवीण, मनमोहन देशवाल, मोहन यादव, प्रवीण, मोनू व हरदीप आदि अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संकट मोचन मंदिर में मनाया पर्व
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
माता दरवाजा स्थित संकट मोचन मंदिर में ब्रह्मलीन गुरुमां गायत्री और गद्दीनशीन मानेश्वरी देवी की छत्रछाया में लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इसमें मानेश्वरी देवी के प्रवचन हुए। मंदिर के सचिव गुलशन भाटिया ने बताया कि यह पर्व नई दुल्हन व नवजात बच्चे के लिए विशेष महत्व रखता है। इसमें अगिभन पूजन करने के पश्चात परिक्रमा करते हुए तिल, गुड़, चावल और भूना हुआ मक्का की आहुति डाली जाती है।
सत जींदा कल्याणा महाविद्यालय में मनाई लोहड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सत जींदा कल्याणा महाविद्यालय कलानौर में लोहड़ी पर्व बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर विद्यार्थियों ने गीत, एकल डांस और ग्रुप डांस की प्रस्तुती दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रणधीर सिंह अकेडिमक अध्यक्ष इंडिया, चाणक्य आई.ए.एस अकेडमी उपस्थित रहे। वहीं महाविद्यालय प्रबंधक समिति के सचिव बी.बी. बठला ने पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार दुआ, उपाध्यक्ष महेंद्र खुराना, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश डंग, सदस्य अश्वनी जुनेजा की उपस्थित रहे।
लोहड़ी गीत बने आकर्षण का केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
जन सेवा संस्थान नि:शुल्क पब्लिक स्कूल भिवानी रोड में लोहड़ी हर्षोल्लास से मनाई गई। इसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्था के उपप्रधान ईश्वर चंद, महासचिव महेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता, प्रभारी हरिओम भाली व प्रधानाचार्या सोनिया नागपाल उपस्थित रहे।
मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में बांटे कंबल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मकर संक्रांति के अवसर पर जगदीश कॉलोनी स्थित डेरा बाबा सांवल शाह की ओर से शनिवार को कॉलोनी में सफाई अभियान चलाया गया और भंडारा लगाकर जरूरत मंदों को कंबल दिए गए। डेरे के सेवादार बाबा सूखाशाह ने बताया की मकर संक्रांति पर दान का अपना एक महत्व है, इस दिन ब्राह्मणों को अनाज, वस्त्र, ऊनी कपडे़, फल आदि दान करने से शारीरिक कष्टों से मुक्ति मिलती है। इस दिन किया गया दान सौ गुना होकर प्राप्त होता है। इस अवसर पर बाबा हंसराज, दीपक, राजू ,कपिल सोनू सहित सदस्य मौजूद रहे।
शोर क्लाथ मार्केट के व्यापारियों ने मनाई लोहड़ी
रोहतक। शोरी क्लॉथ मार्केट के प्रधान गुलशन ईशपुनियानी ने लोहड़ी का उत्सव कपड़ा व्यापारियों के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया। प्रधान गुलशन ईशपुनियानी ने अलाव जलाकर कार्यक्रम की शुरूआत की व अग्नि की पूजा की। इस अवसर पर प्रसाद भी वितरित किया गया। इस मौके पर व्यापारी नेता ललित मोहन सैनी ने सुंदरी-मुंदरी ओए, दूल्हा पट्टी वाला ओए, दूल्हे दी घी पिलाई ओए, शेर शक्कर पाई ओए का गाना गाकर खुशियां मनाते हुये सभी को बधाई दी। इस अवसर पर अखिल भारतीय जन अधिकार मंच के प्रधान महासचिव ललित मोहन सैनी, अंशिम सिंधवानी, प्रशांत खुराना, व्यापारी नेता हरीश अरोड़ा, संजय परूथी, सतीश गर्ग, सोमनाथ सचदेवा, मुंकदलाल, गौरव जैन, कमल परूथी, नरेश तायल, हरियाणा युवा शक्ति के अध्यक्ष सुरेश राठी, व्यापारी नेता जगदीश सैनी, अध्यक्ष रोहतक ट्रेडर्स एसोसिएशन के पूर्व प्रधान देवेंद्र भारत व गुरूद्वारा सिंह सभा के चेयरमैन सरदार जसबीर सिंह मौजूद रहे।