डॉ. अरुणा, अलका मदान को मिला एम्पावर्ड वूमेन अवार्ड
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
प्रथम शिक्षिका ‘सावित्री बाई फुले की जयंती पर प्रतिमा रक्षा सम्मान समिति के द्वारा करनाल में बुधवार को आयोजित समारोह में रोहतक की डॉ. अरुणा आंचल और अलका मदान को एम्पावर्ड वूमेन अवार्ड दिया गया।
समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र अरोड़ा तथा प्रदेशाध्यक्ष स्वाति कम्बोज के अनुसार इस राष्ट्रीय सशक्त नारी सम्मेलन तथा सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों की चुनिंदा 100 सशक्त नारियों को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एडिशनल डायरेक्टर जनरल भारत सरकार प्रिया सिंह पॉल, ऑल इंडिया अचीवर्स कॉन्फ्रेंस के डायरेक्टर अभिषेक बच्चन, आईजी हरियाणा पुलिस सुमन मंजरी आदि मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे।
रोहतक की रहने वाली डॉ. अरुणा आंचल झज्जर के रविंद्र भारती कॉलेज ऑफ एजूकेशन की प्रिंसिपल हैं। वह कबीर अनुभूति सेवा समिति की महिला सेल की डायरेक्टर और गंगा सेवा समिति की सदस्य भी हैं। डॉ. अरुणा को इससे पहले यूथ पार्लियामेंट में मिनिस्टरी ऑफ पार्लियामेंट द्वारा बेस्ट स्पीकर, हरियाणा कला परिषद द्वारा मातृ शक्ति अवार्ड, सरदार बल्लभ भाई पटेल साइंस एंड टेक्नोलॉजी आर्गनाइजेशन द्वारा वुमेन एम्पावर्ड अवार्ड मिल चुका है। 20 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहीं डॉ. अरुणा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार और वर्कशॉप में हिस्सा लेती रहती हैं।
शिक्षण के साथ साथ सामाजिक कार्यों में भी उल्लेखनीय योगदान के कारण रोहतक के राकवमा विद्यालय मदीना में कार्यरत कॉमर्स प्रवक्ता अलका मदान को यह सम्मान दिया गया। 20 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रही अलका मदान ने 1998 से 2013 तक रोहतक के प्रमुख सीबीएससी विद्यालयों में शिक्षण सेवाएं देने के बाद 2013 से हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग के विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रारंभ किया। उन्होंने विभाग के विभिन्न जिलास्तरीय तथा राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में अपना योगदान दिया। शिक्षा निदेशालय हरियाणा द्वारा चलाए गए क्विज क्लब प्रोजेक्ट में की रिसोर्स पर्सन की अहम भूमिका निभाई। इसस पहले वह सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद द्वारा ‘हरियाणा शिक्षक गौरव सम्मान’, प्रतिमा सम्मान समिति द्वारा ‘राष्ट्रीय रत्न अवॉर्ड’, कॉमर्स टीचर फेडरेशन द्वारा ‘सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन’ प्राप्त कर चुकी हैं।