बिना डिग्री व पंजीयन के ही अस्पताल चला रही महिला गिरफ्तार
चरखी दादरी।
स्वास्थ्य विभाग की सीएम फ्लाइंग की टीम की सिफारिश पर शहर पुलिस ने बिना पंजीकरण व डिग्री के अस्पताल चलाने के आरोप में फर्जी महिला चिकित्सक कमला को गिरफ्तार किया है। शहर के निजी अस्पतालों में फ्लाइंग की देर रात तक छापामारी जारी रही। टीम की ओर से अस्पतालों में सभी कागजात एवं दस्तावेज की जांच की गई। इसे लेकर निजी अस्पताल संचालकों में अफरा-तफरी मची रही।
स्वास्थ्य विभाग की सीएम फ्लाइंग ने वीरवार देर रात तक शहर के विभिन्न भागों में स्थित निजी अस्पतालों में औचक छापामारी की। टीम में चरखी दादरी एसएमओ डॉ. अनिता गुलिया, सीआईडी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार, बलबीर सिंह के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पतालों में जाकर पंजीकरण संबंधी कागजात की जांच की। वीरवार को फ्लाइंग टीम ने शहर के बस स्टैंड रोड पर दो निजी अस्पतालों में जाकर जांच की थी। यह दोनों अस्पताल बिना पंजीकरण व डिग्री के ही चल रहे थे। पुलिस ने इन दोनों चिकित्सकों के खिलाफ वीरवार रात ही केस दर्ज कर लिया था। तत्पश्चात टीम ने शहर के चंपापुरी क्षेत्र में भी एक निजी अस्पताल में जाकर अस्पताल संबंधी कागजात आदि की जांच की थी। चंपापुरी स्थित कमला क्लीनिक के मालिक के पास भी योग्यता की डिग्री नहीं मिली और न ही अस्पताल पंजीकरण के कागजात मिले। महिला बिना डिग्री व पंजीकरण के ही अस्पताल चला रही थी। चंपापुरी स्थित निजी अस्पताल में जांच के दौरान विभिन्न प्रकार की एक्सपायर दवाइयां भी बरामद की हैं। इन दवाइयों के नमूने भी टीम ने लिए हैं तथा जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। टीम ने अस्पताल से ओपन इंजेक्शन, सुईयां, प्रैगनेंसी टेस्ट कार्ड व अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
वर्जन::
पुलिस ने चंपापुरी कालोनी स्थित निजी अस्पताल मालिक के खिलाफ इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत महिला पुलिस थाना में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अस्पताल से एक्सपायर दवाइयां, ओपन इंजेक्शन भी बरामद किए हैं।
- पुलिस प्रवक्ता, सुरेंद्र दांगी