फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज रफ्तार ट्रक-इनोवा की भिड़ंत में मामा-भांजे की मौत, दो लोग गंभीर

विज्ञापन
विज्ञापन
तेज रफ्तार ट्रक-इनोवा की भिड़ंत में बारात से लौट रहे मामा-भांजे की मौत, दो लोग गंभीर
विज्ञापन

चरखी दादरी।
दादरी-भिवानी मुख्यमार्ग पर गांव पैंतावास कलां के समीप बुधवार सुबह इनोवा व ट्रक की भिंड़त में दूल्हे के मामा सहित दो बारातियों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। दादरी सदर थाना पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए। दोनों मृतक मामा-भांजे बताए जा रहे हैं। वहीं, घायल बाराती भिवानी के सिविल अस्पताल में भरती हैं। पुलिस ने दूल्हे के पिता की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद महेंद्रगढ़ जिले के गांव सेहलंग व भिवानी के गांव नवां की ढाणी में मातम पसर गया है। हादसे का कारण पीड़ित पक्ष ने ट्रक का तेज रफ्तार होना बताया है। वहीं, हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार भिवानी के नवां की ढाणी निवासी संदीप की बारात महेंद्रगढ़ जिले के गांव सेहलंग मंगलवार शाम पहुंची थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे विदाई के बाद बारात वापस नवां की ढाणी आने के लिए सेहलंग से चली थी। पुलिस को दिए बयान में दूल्हे संदीप के पिता शरद सिंह ने बताया कि वह सैनिक है और अपने बेटे संदीप की शादी के लिए करीब एक माह की छुट्टी लेकर आया था। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब तीन बजे शादी समारोह खत्म होने के बाद बारात वापस नवां की ढाणी लौट रही थी। उसने बताया कि उनकी गाड़ी के आगे एक इनोवा गाड़ी में दूल्हे संदीप के मामा सहित तीन अन्य परिजन सवार थे। शरद सिंह ने बताया कि सुबह करीब सवा चार बजे बारात दादरी से निकलकर गांव पैंतावास कलां के समीप ही पहुंची थी। इस दौरान एक ट्रक से इनोवा की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। उन्होंने बताया कि ट्रक की टक्कर लगते ही इनोवा गाड़ी सड़क से उछलकर खेतों में जाकर पलट गई। और ट्रक भी बीच सड़क पलट गया। घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। शरद सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचते ही उन्होंने इनोवा में सवार परिजनों को संभाला लेकिन इससे पहले ही लोहारू के ढाणी ढोला निवासी उसके साले सत्यवान की मौत हो चुकी थी और रायसिंह वासी गुड़ाना, रामकिशन वासी गोकलगढ़ व राजेश वासी नवां की ढाणी गंभीर रूप से घायल हा गए। उन्होंने मामले की सूचना एंबुलेंस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को भिवानी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान रायसिंह ने भी दम तोड़ दिया जबकि घायल रामकिशन व राजेश भिवानी सिविल अस्पताल में भरती है। मामले की सूचना पर दादरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सत्यवान के शव व क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने भिवानी के सिविल अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शरद सिंह की शिकायत पर ट्रक चालक के लिए खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हे जोकि अभी फरार है।
विज्ञापन

एक परिवार में दो मौत होने से खुशियां बदली मातम में
हादसे में सत्यवान व रायसिंह की मौत हुई है और ये दोनों मामा-भांजा बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार में दो मौत होने से नवां की ढाणी व सेहलंग में सन्नाटा पसर गया। इस हादसे से पहले जिन परिवारों में खुशियों का माहौल था वहां मातम पसर गया। भिवानी के सिविल अस्पताल में काफी तादाद में ग्रामीण पहुंचे और पीड़ित परिवार को दिलासा देते नजर आए।
ट्रक सड़क पर पलटने से लगा रहा घंटों जाम
इस भीषण हादसे के बाद जहां इनोवा गाड़ी में हवा में उछलकर सड़क किनारे खेतों में जा पलटी तो वहीं ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों बीच पलट गया। हादसे के बाद दादरी-भिवानी मुख्यमार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था पूर्णतया बाधित हो गई और कुछ देर में ही सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसके बाद मौके पर पहुंचेे पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को एक साइड करवाकर यातायात व्यवस्था को बहाल कराया। सूत्रों की मानें तो इससे पहले करीब ढाई से तीन घंटे तक ट्रैफिक व्यवस्था बाधित रही।
विज्ञापन

वर्जन::
मृतक सत्यवान के जीजा शरद सिंह के पुलिस ने बयान दर्ज कर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद ही आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी। हादसे में दूल्हे संदीप के मामा सहित दो बारातियों की मौत हुई है जबकि दो घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु करवा दिया था।
सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें