पुलिस कस्टडी से भागे लूट के आरोपी को करनाल से दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/मतलौडा। मतलौडा थाना पुलिस कस्टडी से थाना सदर के गेट के बाहर से भागे लूट के आरोपी को 12 घंटे बाद आखिरकार करनाल से दबोच लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। पुलिस को आरोपियों से क्षेत्र में लूट की बाकी वारदातों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।
मतलौडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि, पुलिस कस्टडी से भागे आरोपी सावन को बुधवार सुबह करनाल के कटाबाग कॉलोनी स्थित एक मंदिर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पानीपत से फरार होने के बाद मंदिर में बाबा के पास चला गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद प्राथमिक पूछताछ में करनाल के एक शराब ठेकेदार के पास भी काम करने की बात बताई थी। पुलिस ने शक के आधार पर ठेकेदार के घर पर दबिश दी। पुलिस सुबह शक होने पर ठेकेदार के घर के नजदीक मंदिर में पहुंची तो आरोपी सावन ने यहां से भी भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। वहीं थाना शहर पुलिस ने मतलौडा थाना में तैनात एक एएसआई की शिकायत पर आरोपी सावन पर पुलिस कस्टडी से फरार होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मतलौडा थाना में तैनात एक एएसआई ने बताया कि प्रदीप निवासी गढ़ी छाजू व सावन निवासी कालखा लूट के आरोपी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को जेएमआईसी विक्रांत की अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया था। एएसआई सतपाल आरोपी प्रदीप और वह सावन का हाथ पकड़े हुए था। वे थाना सदर के गेट के बाहर गाड़ी के इंतजार में खड़े थे। इसी समय सावन उसको धक्का देकर फरार हो गया। उसको दोबारा पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। थाना सदर पुलिस ने एएसआई की शिकायत पर सावन पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया।
पुलिस ने थाना सदर के गेट के बाहर से पुलिस कस्टडी से फरार लूट के आरोपी सावन को करनाल में कटाबाग कॉलोनी स्थित एक मंदिर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी यहां से फरार होने के बाद सीधा करनाल चला गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर पानीपत में मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से रिमांड के दौरान लूट की वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस जल्द ही लूट की बाकी वारदातों का भी खुलासा कर देगी।
राजेंद्र सिंह, प्रभारी, थाना मतलौडा, पानीपत।