कांग्रेस सत्ता में आई तो शुगर मिल का पहला पत्थर पानीपत में लगेगा : सुरजेवाला
नई अनाज मंडी में कांग्रेस पार्टी की रैली को संबोधित कर रहे थे कांग्रेस नेता
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा। कांग्रेस कोर कमेटी के सदस्य एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो हरियाणा में पहला पत्थर शुगर मिल का पानीपत में लगेगा।
सुरजेवाला रविवार को नई अनाज मंडी में कांग्रेस पार्टी की रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यूरिया का रेट बढ़ा दिया लेकिन उसका वजन कम कर किसानों को ठगने का काम किया। मोदी ने किसान बीमा योजना को प्राइवेट बीमा योजना बनाकर रख दिया। भाजपा सरकार उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर रही है लेकिन गरीब तबके के लिए सरकार के पास पैसा नहीं है। अगर कांग्रेस सत्ता में आया तो तीन किस्तों में एक लाख रुपये तक का किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। इस अवसर पर बच्चन सिंह आर्य, एसी चौधरी, सुनील गौतम, अशोक मलिक, शिवशंकर भारद्वाज आदि मौजूद थे।
रैली में बाहर से ज्यादा हलके से कम पहुंचे लोग : नई अनाज मंडी में हुई कांग्रेस की बदलाव रैली को लेकर हलके के लोगों में ज्यादा रुझान देखने को नहीं मिला। रैली में हलके से कम लेकिन आसपास के दूसरे हलके तथा जिलों से लोग पहुंचे हुए थे।
रैली में सुरजेवाला का गुणगान करते दिखे नेता : रैली में पानीपत जिले सहित आसपास के विभिन्न जिलों से पहुंचे विधानसभा टिकटार्थी नेताओं की मौजूदगी मंच पर ज्यादा रही। जनता के मुद्दों को उठाने के बजाय वे सभी सुरजेवाला के गुणगान करते हुए नजर आए। इनमें से अधिकांश ने रणदीप सुरजेवाला को प्रदेश का भावी मुख्यमंत्री तक बता दिया।