फोटो सहित..........
फ्लैग : निगम कर्मचारियों की हड़ताल का पांचवां दिन, 41 डिग्री में सड़ रहा शहर का कचरा
हेडिंग : पुलिस सुरक्षा में राहगीरी के लिए उठवाया कचरा, सफाईकर्मियों ने किया हंगामा
डीसी आवास पर 45 मिनट चली मीटिंग में की गई प्लानिंग तैयार, 150 पुलिसकर्मी रहे तैनात
कर्मचारियों की चेतावनी, पूरे शहर से कूड़ा उठाया तो नहीं होने देंगे राहगीरी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते भीषण गर्मी में शहर में कचरा सड़ने लगा है। शनिवार देर रात नगर निगम प्रशासन ने निजी एजेंसी के कर्मचारियों से भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के कार्यालय से चंद कदम दूर सोनीपत रोड से कचरा उठवाया। हड़ताली कर्मचारियों ने जेसीबी के आगे बैठकर विरोध भी किया, लेकिन पुलिस के आगे एक नहीं चली। निगम अधिकारियों ने कहा कि वे राहगीरी के चलते केवल श्रीराम रंगशाला के सामने से कचरा उठा रहे हैं। इसके बाद कर्मचारी शांत हुए और चेतावनी दी कि अगर पूरे शहर से कचरा उठाया तो वे राहगीरी कार्यक्रम नहीं होने देंगे। रोहतक पहुंचे नगर पालिका कर्मचारी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री बोले लिखित में सरकार आश्वासन दे तभी हड़ताल खत्म होगी।
लगातार चार दिन से शहर में कचरा सड़ने लगा है। लोगों का सांस लेना भी दूभर होने लगा है। दूसरा, रविवार सुबह निगम प्रशासन की तरफ से राहगीरी कार्यक्रम करवाया जाना है। इसके चलते प्रशासन पर दबाव बढ़ने लगा कि किस तरह शहर से कचरा उठवाया जाए। देर शाम डीसी आवास पर डीसी डॉक्टर यश गर्ग की अध्यक्षता में निगम आयुक्त प्रदीप कुमार, ज्वाइंट कमिश्नर रवींद्र कुमार, डीटीपी केके वार्ष्णेय, एसपी व निजी एजेंसी के अधिकारियों की मीटिंग हुई। मीटिंग में तय हुआ कि सोनीपत रोड से कचरा उठाकर देखते हैं, अगर माहौल ज्यादा बिगड़ा तो वहीं अभियान रोक देंगे। अगर हालत सामान्य रहे तो शहर से पुलिस सुरक्षा में कचरा उठवा दिया जाएगा।
बाक्स
कर्मचारियों को चकमा देकर जेसीबी से उठवाया कचरा
रात करीब आठ बजे डीटीपी केके वार्ष्णेय के नेतृत्व में निगम की टीम शीला बाईपास पर एकत्रित हुई। वहीं पर निगम की निजी एजेंसी की टीम आधा दर्जन ट्रैक्टर व ट्राली लेकर आ गए। तहसीलदार गुलाब सिंह ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात रहे, जबकि डीएसपी रवींद्र कुमार ने 150 पुलिसकर्मियों की कमान संभाली। भनक लगते ही सफाई कर्मी शीला बाईपास पर पहुंच गए और काफिले को श्रीराम रंगशाला की तरफ आगे बढ़ने से रोक दिया। प्लानिंग के तहत फोर्स को दो भाग में बांट दिया गया। साथ ही एक ट्रैक्टर ट्राली डी पार्क पर भेज दी। कर्मचारियों को अहसास हो गया कि वहां से कूड़ा उठाना शुरू होगा। वे डी पार्क पर बाइकों पर सवार होकर चले गए। इसी बीच पुलिस बल ट्रालियों में सवार होकर श्रीराम रंग शाला के बाहर पहुंचा और जेसीबी से कचरा ट्रालियों में डालना शुरू कर दिया।
बाक्स
जेसीबी के आगे अड़े, लेकिन पुलिस के सामने नहीं चली
भनक पाकर 30 से 40 कर्मचारी प्रधान संजय बिड़लान, सचिव श्रवण बोहत के नेतृत्व में रंगशाला के पास पहुंचे और कूड़ा डाल रही जेसीबी के आगे बैठ गए, लेकिन भारी पुलिस बल के आगे एक नहीं चली। कर्मचारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे, जबकि पुलिस सुरक्षा में निजी एजेंसी के कर्मचारियों ने कूड़ा ट्रालियों में डालकर भिवानी रोड स्थित सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट में भेज दिया।
बाक्स
डीटीपी बोले, राहगीरी बनी मजबूरी, नहीं उठाएंगे दूसरी जगह से कचरा
कचरे उठाने के दौरान कर्मचारी डीटीपी कृष्ण कुमार वार्ष्णेय से नाराज नजर आए। प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री व डीटीपी के खिलाफ नारेबाजी की। डीटीपी ने कर्मचारियों को बताया कि राहगीरी की मजबूरी के चलते यहां से कचरा उठा रहे हैं। दूसरी जगह से नहीं उठाएंगे। इसके बाद कर्मचारी शांत हुए।
बाक्स
‘पूरे शहर से कचरा उठाया तो नहीं होने देंगे राहगीरी’
जिला व निगम प्रशासन ने कर्मचारियों की हितों की अनदेखी करते हुए पुलिस के बल पर सोनीपत रोड से कचरा उठाया है। अधिकारी राहगीरी की मजबूरी बता रहे हैं। अगर निगम ने शहर के दूसरे हिस्सों से कचरा उठाया तो वे रविवार सुबह राहगीरी नहीं होने देंगे। देर रात वाल्मीकि मंदिर के अंदर हुई पंचायत में यह फैसला लिया गया है।
-श्रवण बोहत, सचिव नगर पालिका कर्मचारी संघ।
बाक्स
राहगीरी कार्यक्रम रविवार सुबह है, जिसका स्टेज सड़ रहे कचरे से चंद कदम दूर बना है। ऐसी स्थिति में कचरा उठाया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन टकराव की स्थिति नहीं चाहता।
ञकृष्ण कुमार वार्ष्णेय, डीटीपी नगर निगम।
बाक्स
जल्द कचरा उठवाए प्रशासन, बीमारियां फैलने का खतरा
कचरा 24 घंटे के अंदर सड़ने लगता है, जबकि 40 डिग्री तापमान के बीच चार दिन से कचरा सड़ रहा है। इस कारण मक्खी वायरस, फफूंद व बैक्टियां फैला सकती हैं। इस कारण बुखार, पीलिया, हैजा, त्वचा रोग, दाद, उल्टी, दस्त व दूसरी बीमारियां फैल सकती हैं। ऐसे में प्रशासन को बातचीत से जल्द समस्या का समाधान निकालना चाहिए।
डाक्टर शिव कुमार, पूर्व सीएमओ।
...
‘सड़कों पर न डालें कचरा, घर पर पॉलिथीन में बांधकर रखें’
आम नागरिक व व्यापारी कचरे को सड़कों पर न फेंके। क्योंकि इससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। वे कचरा पॉलिथीन में बांधकर घर के अंदर किसी कोने में रखे। जब तक समस्या का समाधान नहीं हो जाता।
-गुलशन निझावन, व्यापारी नेता।
...
बातचीत से समस्या का समाधान निकाले सरकार
सरकार को बातचीत के लिए कदम उठाना चाहिए। क्योंकि एक तरफ कर्मचारी चार दिन से हड़ताल पर हैं, दूसरी तरफ शहर में कूड़ा-कचरा सड़ने लगा है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो गया है।
-रेनू डाबला, मेयर नगर निगम।