बिजली की समस्या को लेकर तीन गांवों के ग्रामीणों ने किया रोहतक-जींद रोड जाम
चांदी बस स्टैंड पर दिया धरना, एसएचओ के आश्वासन पर खुला जाम
फोटो नंबर: 1 बिजली की समस्या को लेकर रोहतक जीन्द रोड जाम करते तीन गांवों के ग्रामीण।
अमर उजाला ब्यूरो
लाखनमाजरा। बिजली की समस्या को लेकर खंड के तीन गांवों के लोगों ने रोहतक-जींद रोड जाम कर दिया। चांदी गांव के बस अड्डे के पास खरैंटी, चांदी और इंद्रगढ़ के लोगों ने शाम चार बजे रोड जाम कर दी। खरैंटी के पूर्व सरपंच होश्यिार सिंह व राजेश कुमार, इंद्रगढ़ के पूर्व सरपंच सुभाष शेखावत, चांदी के सरपंच अमित मदान, तेजवीर गिल सहित ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात दस बजे बिजली का कट लगा था और मंगलवार को दिनभर बिजली नहीं आई।
रोड जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। लेकिन लोग अडे़ रहे। इस पर एसएचओ ने बिजली निगम एसडीओ से बात कर उनकी समस्या बताई। उनके आश्वासन पर आधे घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके आधे घंटे बाद ही तीनों गांवों में बिजली आ गई।