सुपर मॉडल इंटरनेशनल की ब्रांड एंबेसडर जोसेफिन ने दिया सफलता का मंत्र
‘साहसी बनो, अपने लिए बोलना और खड़े होना सीखो...’
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। साहसी बनो, अपने लिए बोलना और खड़े होना सीखो तथा मेहनत कर अपना भविष्य बनाओ। यह मंत्र रविवार को सुपर मॉडल इंटरनेशनल की ब्रांड एंबेसडर जोसेफिन टैन ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के यूनिफेस्ट 2017 में विद्यार्थियों और युवा वर्ग को दिया। वह एमडीयू कैंपस में बतौर स्पेशल गेस्ट उपस्थित रही।
जोसेफिन टैन ने निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी से स्टेज पर संवाद किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा तथा एमडीयू कैंपस में आकर उनको बहुत अच्छा लग रहा है। छात्राओं को विशेष संदेश देते हुए जोसेफिन ने कहा कि बी इंडीपेंडट-स्वतंत्र और स्व-निर्भर बनो तथा अपना स्वतंत्र कॅरियर चुनो। उन्होंने समाज में पुरूष एवं स्त्री वर्ग में बराबरी का दर्जा दिए जाने का संदेश जोसेफिन ने दिया। जोसेफिन टैन ने टैगोर कला गगन में फाइन आर्ट्स के कोलाज, पोस्टर, कार्टून्स, क्रिएटिव आर्ट्स वर्क को देखा और खूब सराहा। उन्होंने टैगोर सभागार के बाहर कॉफी स्टाल पर विद्यार्थियों तथा प्राध्यापकों से बातचीत की तथा अपने देश तथा अपने मॉडलिंग कॅरियर संबंधित बातें सांझा की। टैन ने सभी उपस्थित जन से ग्लोबल सिटीजन बनने तथा वैश्विक शांति का संदेश दिया। एमडीयू कैंपस पहुंचने पर जोसेफिन टैन का निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, पीआरओ पंकज नैन, प्राध्यापिका डॉ. नीरू राठी, डॉ. माधुरी हुड्डा, प्राध्यापक डॉ. केवी गुलिया, डॉ. दीपक लठवाल व अनिल कुमार ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं टैगोर सभागार में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. राजकुमार, निदेशक युवा कल्याण डॉ. जगबीर राठी, एनएसएस कार्यक्रम सन्वयक डॉ. रणबीर सिंह गुलिया, युवा कल्याण निरीक्षक डॉ. प्रताप राठी ने भी मुख्य अतिथि का स्वागत किया। स्टेज पर डीएसडब्लू प्रो. राजकुमार ने जोसेफिन टैन को सम्मानित किया।
युवा महोत्सव प्रतिभाओं के लिए सशक्त मंच : शर्मा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। कला-संस्कृति-साहित्य समाज को संवेदी एवं मानवीय बनाती है। युवा महोत्सव कला-साहित्य-संस्कृति की प्रतिभाओं के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का सशक्त मंच है। यह बात रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा ने रविवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के यूनिफेस्ट 2017 में कहे।
एमडीयू इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल यूनिफेस्ट 2017 के अंतिम दिन प्रात:कालीन सत्र में प्रतिष्ठित अभिनेता यशपाल शर्मा, फिल्म निदेशक अश्विनी चौधरी, पॉप गायक केडी, नई आने वाली फिल्म भांग ओवर के निदेशक, निर्माता एवं पूरी टीम, यूएसए से आए प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. एसपी दलाल बतौर विशेष आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. राजकुमार तथा निदेशक डॉ. जगबीर राठी ने इन विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुआ। इन कलाकारों ने एमडीयू की विशेष सराहना की कि यह विश्वविद्यालय साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रतिभाओं को बेहतरीन मंच मुहैया करवाता है। इस अवसर पर सेवानिवृत प्राचार्य बलजीत सिंह एवं शमशेर सिंह अहलावत, सेवानिवृत निदेशक युवा कल्याण जनार्दन शर्मा समेत विभिन्न कालेजों के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण, एमडीयू आयोजन समितियों के समन्वयक एवं टीम सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।