सड़क निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग
नारनौल। वार्ड नंबर 12 में बिना टेंडर सड़क निर्माण करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में मोहल्ला सलामपुर निवासी लोकेश सैनी ने वीरवार को सीएम विंडो में शिकायत सड़क निर्माण कार्यों की जांच करवाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता लोकेश सैनी ने सीएम विंडो में दी शिकायत में बताया कि शहर के वार्ड नंबर 12 के अंतर्गत मोहल्ला सलामपुरा, भूप कालोनी, रामकरणदास कालोनी, श्याम कालोनी, टहला रोड, नांगल चौधरी रोड और नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम का क्षेत्र आता है। इस वार्ड में पार्षद ने एक साल के कार्यकाल में ही कई गलियों को पक्का करा दिया। नालियों पर लोहे के एंगल भी लगाए गए। किंतु हैरानी की बात है कि इसमें से कई कार्य ऐसे भी है जिनका अभी तक टेंडर भी नगर परिषद द्वारा जारी नहीं किया और ना ही नगर परिषद की बैठक में इन कार्यों को मंजूरी दी गई है। ठेकेदार ने नगर परिषद के अधिकारियों व पार्षद के साथ मिलकर बिना टेंडर ही सड़कों का निर्माण कर दिया। शिकायतकर्ता लोकेश सैनी ने बताया है कि इस मामले की जांच उच्चाधिकारियों से करवाई जाए ताकि भ्रष्टाचार उजागर हो सके।
मेरे संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। न ही मेरे कार्यकाल में ऐसा हुआ है। अगर कहीं ऐसा हुआ है तो किसी प्रकार का भुगतान नहीं होने देंगे। इस बारे में जांच भी कराई जाएगी।
-विजयपाल यादव, ईओ, नगर परिषद नारनौल