सांसद सैनी ने गांव नांगल सिरोही और मालड़ा का किया दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। लोक तंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार सैनी ने महेंद्रगढ़ क्षेत्र के गांव नांगल सिरोही एवं मालड़ा में वीरवार को सभाओं को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने 60 वर्ष तक शासन करके देश को गर्त में धकेल दिया आज वे मोदी से तीन साल का हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तीन साल के कार्यकाल के दौरान देशहित के अनेक कार्य किए हैं। केंद्र में भाजपा शासन में एक भी घोटाला अभी तक सामने नहीं आया है। प्रधानमंत्री स्वच्छ प्रशासन देने के लिए दृढ़ संकल्प हैं। प्रदेश भाजपा सरकार एक वर्ग विशेष के दबाव में आकर अन्य वर्ग के लोगों की अनदेखी कर रही है। अगर सरकार इसी तरह गुंडागर्दी व दादागिरी के दबाव में आकर उनके आगे झुक कर फैसला करने लगे तो फिर लोकतंत्र का कोई महत्व नहीं रहेगा।
लोक तंत्र सुरक्षा मंच के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा के प्रभारी रमेश राव पायलट के संयोजन में सांसद सैनी ने जिले के अनेक गांवों के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मंच के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश राव पायलट ने कहा कि हमारा क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में सबसे अव्वल है यहां के बच्चों में इतनी प्रतिभा होते हुए भी हरियाणा सरकार की बड़ी सरकारी नौकरियों में इनका चयन नहीं होने दिया जाता। इस अवसर मंच के राष्ट्रीय महा सचिव डा. सतीश यादव व मंच की महिला प्रदेश अध्यक्ष अमन राघव तंवर के साथ मंच की पूरे जिले कि टीम भी मौजूद थी।