खेत में स्प्रे कर रहा युवक पर टूटा बिजली का तार, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
बाजरे की फसल में स्प्रे कर रहे एक युवक पर बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा। हादसे में युवक बुरी तरह झुलस गया बाद में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर फैजाबाद चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर इत्तफाकिया घटना की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गांव शहरपुर निवासी कुलदीप पुत्र मनोज कुमार वीरवार सुबह करीब 10.30 बजे अपने खेत में स्प्रे कर रहा था। इस दौरान खेत से गुजर रही बिजली की तार टूटकर उसके हाथ पर गिर पड़ी। करेंट की चपेट में आने से वह जमीन पर गिर गया। बाद में खेत की मेढ़ पर बैठे दो-तीन लोगों ने बिजली की लाइन काटकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। आनन-फानन में टूटे तार को लकड़ी से एक तरफ कर कुलदीप को अचेत अवस्था में नारनौल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की जानकारी फैजाबाद पुलिस चौकी को दी गई। पिता ने बताया कि मनोज बीए का छात्र था। खेती-बाड़ी में उसका हाथ बटाता था।