फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किला रोड बाजार से 20 दोपहिया वाहन जब्त, व्यापारी बोले-व्यवस्था बनाए प्रशासन दहशत न फैलाए

विज्ञापन
किला रोड बाजार से दोपहिया वाहन जब्त करती नगर निगम की टीम। - फोटो : RohtakCity
विज्ञापन
कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद नगर निगम व पुलिस प्रशासन की नींद टूटी है। वीरवार को निगम व पुलिस की टीम किला रोड बाजार में पहुंची और बाजार के बीचोंबीच डिवाइडर के दोनों तरफ नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को जब्त करना शुरू किया। कुछ व्यापारियों के विरोध के बावजूद पुलिस ने 20 दोपहिया वाहनों को जब्त कर लिया और व्यापारियों को हिदायत दी कि वे अपने वाहन महाराजा अग्रसेन व शहीद भगत सिंह पार्किंग में खड़े करें। बाजार के प्रधान ने प्रशासन से आग्रह किया है कि यूं अचानक कार्रवाई करके व्यापारियों में दहशत फैलाने की जगह स्थायी व्यवस्था बनाकर समस्या का समाधान करें।
विज्ञापन

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कार्यभार संभालते ही किला रोड बाजार का दौरा किया था। साथ में एसडीएम राकेश कुमार व दूसरे पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। डीसी ने किला रोड के व्यापारियों से सहयोग मांगा था कि वे बाजार में अतिक्रमण न करें। वाहनों को पार्किंग में खड़ा करें। निगम ने शहीद भगत सिंह पार्किंग को ठेके पर देकर चालू भी कर दिया था, लेकिन व्यापारियों के 80 प्रतिशत वाहन बाजार में ही खड़े रहे। नगर निगम व पुलिस प्रशासन ने खास कार्रवाई नहीं की। अब कोरोना संक्रमण हर रोज बढ़ रहा है, लेकिन बाजारों में भीड़ पहले की तरह बरकरार है। दुकानदार, ग्राहक व दूसरे लोग न तो सोशल डिस्टेंस बनाकर रख रहे हैं और ज्यादातर मास्क नहीं लगा रहे। ऐसे में निगम प्रशासन की नींद टूटी और दोपहर 2 बजे एलओ सुरेंद्र गोयल के नेतृत्व में एएसआई परमजीत, एएसआई संदीप राठी, एएसआई सुमित फौगाट, एएसआई कृष्ण लाल, विक्रांत, विक्रम, सतपाल व मनोज किला रोड पर पहुंचे। साथ में पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस भी आ गई। महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। निगम की टीम ने एक-एक करके दोपहिया वाहनों को उठाकर ट्रैक्टर-ट्राली में रखना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस के सामने एक नहीं चली। निगम का अभियान दोपहर 2 से 4 बजे तक चला।
दुकानदार बोले-ग्राहकों के हैं वाहन
निगम की टीम जब दोपहिया वाहनों को जब्त कर रही थी, तभी एक दुकानदार ने कहा कि सभी दोपहिया वाहन व्यापारियों के नहीं हैं। इनमें कुछ वाहन ग्राहकों के भी हैं। इस पर एलओ सुरेंद्र गोयल ने कहा कि ग्राहक तो पार्किंग में वाहन खड़ा करने को तैयार हैं, लेकिन व्यापारी नहीं मान रहे। लंबे समय से बाजार के बीचोंबीच दोपहिया वाहन खड़े कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस के आगे किसी दुकानदार की नहीं चली।
विज्ञापन

सख्ती बढ़ी तो हटाते नजर आए दोपहिया वाहन
निगम व पुलिस की सख्ती बढ़ी तो बाजार में कुछ दुकानदार अपने दोपहिया वाहन हटाते नजर आए। किसी ने भगत सिंह पार्किंग में वाहन खड़े कर दिए तो कोई गलियों में खड़ा करके आया। दो घंटे में किला रोड बाजार दोपहिया वाहन हटने से पूरी तरह खुला दिखाई दिया।
कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बाजारों में भीड़ नहीं होनी चाहिए। व्यापारी अतिक्रमण न करें। महाराजा अग्रेसन पार्किंग चालू हो गई है। वहां सुरक्षाकर्मी भी तैनात हैं। फ्री में दोपहिया व चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं। शहीद भगत सिंह पार्किंग को भी दोबारा से जल्द चालू किया जाएगा। अब किला रोड के साथ दूसरे बाजारों में भी निगम की टीम कार्रवाई करेगी।
- सुरेंद्र गोयल, एलओ, नगर निगम
अचानक निगम व पुलिस प्रशासन ने बाजार से दोपहिया वाहन जब्त करना शुरू कर दिया। इससे व्यापारियों व ग्राहकों में दहशत पैदा हो गई। व्यापारियों की मांग है कि पुलिस व होमगार्ड के जवानों को पहले की तरह तैनात किए जाएं, जो बाजार के बीच में वाहनों को खड़ा ही न होने दें।
विज्ञापन

- बिट्टू सचदेवा, प्रधान किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें