रोहतक। कमीशन का झांसा देकर ठग लगातार लोगों से ठगी की वारदात अंजाम दे रहे हैं। सितंबर में अब तक सात वारदात हो चुकी हैं। अब इंश्योरेंस एजेंट रामगोपाल कॉलोनी निवासी शिवम भारद्वाज से 18 लाख व बड़ा बाजार के युवक यतेश धवन से 2.72 लाख रुपये ठग लिए। इस संबंध में मंगलवार को साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किए गए।
शिवम भारद्वाज ने बताया कि वह मूलरूप से उत्तम नगर, दिल्ली का रहने वाला है और रोहतक के राम गोपाल कॉलोनी में किराए पर रहता है। साथ ही निजी कंपनी के इंश्योरेंस एजेंट के तौर पर काम करता है। 16 सितंबर को उसके पास व्हाट्सएप पर मैसेज आया और ऑनलाइन जॉब का ऑफर दिया गया। बताया गया कि इसके लिंक भेजकर टेलीग्राम पर अकाउंट खोला और बैंक की डिटेल मंगवाई। पहले उसके खाते में 150 व 100 रुपये जमा करवाए। इसके बाद टॉस्क दिया गया। इसके बाद 1500 से लेकर छह लाख रुपये तक निवेश करवाया। वह नौ लाख रुपये के करीब राशि निवेश कर चुका था। उसने 18 सितंबर को राशि मांगी तो उसे कहा गया कि इतने ही पैसे और निवेश करने पड़ेंगे। उसने नौ लाख रुपये और निवेश कर दिए। उसने पैसे वापस मांगे तो कहा गया कि और पैसे जमा कराने होंगे। नहीं तो जमा राशि नहीं निकल पाएगी। उसे शक हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।
20 हजार रुपये हर रोज कमाने का दिया झांसा
बड़ा बाजार निवासी यतेश धवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त को शाम पांच बजे उसके पास व्हाट्सएप पर ऑनलाइन जॉब का ऑफर आया। युवती ने लिखा का वह लिसा है। घर बैठे हर रोज 1688 रुपये लेकर 20 हजार रुपये कमाने का झांसा दिया। इसके बाद उसकी आईडी बना दी। पहले 1200 रुपये का निवेश करवाया। इसके बाद कभी 15 हजार तो कभी 38 हजार रुपये निवेश करवाया। इस तरह उससे दो लाख 72 हजार रुपये के करीब राशि ठग ली गई।