रोहतक। लोकतंत्र के पर्व का हिस्सा बनने के लिए इस बार मतदान का समय बढ़ाया गया है। चुनाव आयोग ने मतदान के समय में एक घंटे की वृद्धि की गई है। यानी 12 मई को मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा, जबकि अभी तक मतदान शाम पांच बजे तक ही किया जा सकता था।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. यश गर्ग ने मंगलवार को लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मतदाता सूची के अपडेशन की प्रक्रिया जारी है और 31 जनवरी 2019 तक रोहतक संसदीय क्षेत्र में 1666885 मतदाता हैं। इनमें 912666 पुरुष और 776770 महिला वोटर हैं। सर्विस वोटरों की संख्या 22551 और दिव्यांग वोटरों की संख्या 14776 हैं। हालांकि, मतदाताओं की अंतिम संख्या 26 अप्रैल को जारी की जाएगी।
1876 बूथ और 35 अतिरिक्त बूथ बनाने का प्रस्ताव भेजा
रोहतक लोकसभा में कुल 1876 बूथ बनाए गए हैं, इसके साथ ही 35 अतिरिक्त बूथ बनाने की मांग की गई है। इस मांग को चुनाव आयोग के समक्ष रखा गया। उनकी अनुमति के अनुसार काम किया जाएगा।
63 फ्लाइंग स्क्वायड और 27 स्टैटिक टीमें तैनात
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 63 फ्लाइंग स्क्वायड, 27 स्टैटिक टीम का गठन किया गया है। इसके साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए 9 वीडियो व्यूइंग टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 109 सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही 206 सेक्टर ऑफिसर तैनात किए गए हैं।
जनरल आब्जर्वर 22 अप्रैल को आएंगे
चुनाव के लिए जनरल पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी बिहारकैडर के आईएएस जय सिंह को दी गई है। वह 22 अप्रैल को रोहतक आएंगे।
खर्च पर्यवेक्षक आईएएस अर्जुन प्रधान पहुंचे रोहतक
चुनाव आयोग की ओर से खर्च पर्यवेक्षक आईएएस अर्जुन प्रधान मंगलवार को रोहतक पहुंचे। उन्होंने कैनाल रेस्ट हाउस के के सभागार में रोहतक लोकसभा क्षेत्र को लेकर के लिए खर्च का विश्लेषण कर रहीं टीमों के साथ बैठक की। डीईटीसी सुरेश कुमार ने सभी लोगों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी। आईएएस अर्जुन प्रधान कहा कि रैली हो, छोटी या बड़ी जनसभा हो, विज्ञापन हो या किसी भी प्रकार का चुनाव संबंधी खर्च हो, उस पर नजर रखनी है। सभी गतिविधियों की वीडियो रिकार्डिंग करने के साथ ही प्रतिदिन की रिपोर्ट तैयार करनी है। आम आदमी चुनाव खर्च के संबंध में लघु सचिवालय कमरा नंबर-116 में बनाए जिला स्तरीय शिकायत केंद्र में शिकायत कर सकता है।
24 अप्रैल को छंटनी और 26 अप्रैल को नामांकन वापस और चुनाव चिह्न का वितरण
रिटर्निंग अधिकारी डॉ. यश गर्ग ने बताया कि 24 अप्रैल को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की छटनी का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही 26 अप्रैल की दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापस लिया जा सकता है। इसी दिन चुनाव चिह्न का वितरण भी किया जाएगा।