रोहतक। एमडीयू के खेल परिसर में 400 मीटर दौड़ का अभ्यास करने वाली 16 वर्षीय एथलीट दीपांशी आगामी 15 से 17 मार्च तक हांगकांग में होने वाली यूथ एशिया चैंपियनशिप मेें देश का प्रतिनिधित्व करेगी। इससे पहले दीपांशी ने नेशनल स्कूल एथलेटिक गेम्स में सिल्वर व छत्तीसगढ़ में हुई नेशनल यूथ एथलेटिक चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल हासिल किया था।
दीपांशी के कोच डॉ. रमेश सिंधु ने बताया कि शहर की युवा एथलीट दीपांशी का चयन भारतीय टीम में 400 मीटर दौड़ की स्पर्धा के लिए हुआ है। वे पहली बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। आगामी 15 मार्च से 17 मार्च तक हांगकांग में यूथ एशिया चैंपियनशिप का आयोजन होगा। मूल रूप से झज्जर के दहखोरा गांव की दीपांशी का परिवार पिछले पांच वर्षों से शहर की देव कॉलोनी में रह रहा है। दीपांशी पहली बार भारतीय टीम में चुनी गई हैं। उन्होंने वर्ष 2018-19 में हुई विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में पदक हासिल किए हैं। दीपांशी वर्तमान में दिल्ली के नेहरू स्टेडियम में लगे भारतीय टीम के कैंप में भाग ले रही हैं। उनके भारतीय टीम में चुने जाने से दीपांशी के परिवार, पास पड़ोस, स्टेडियम में कोच व खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।