कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया के पहले दिन बेटियों ने दिखाई पढ़ाई में रुचि, महिला महाविद्यालय में 352 ने किया आवेदन
- दाखिले शुरू होते ही कॉलेज आने लगे विद्यार्थी, पहला दिन दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेज संबंधी पूछताछ में बीता
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
स्कूल के बाद उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज में दाखिले को लेकर बुधवार सुबह करीब दस बजे डीएचई ने एडमिशन पोर्टल ओपन कर दिया। इसके साथ ही केंद्रीयकृत ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई। जिले की बेटियों ने पढ़ाई के प्रति रुचि दिखाई है। पहले ही दिन राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में 352 आवेदन आए। इसके अलावा कॉलेजों में विद्यार्थियों की टोलियां दिन भर दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जुटाते नजर आए। महिला महाविद्यालय के पूछताछ केंद्र पर करीब 50 छात्राओं ने दाखिला संबंधी जानकारी हासिल की।
यूं करें आवेदन
कॉलेज में दाखिले के लिए विद्यार्थियों को कुछ जरूरी बातें ध्यान में रखना जरूरी है। इसमें दसवीं व बारहवीं की मार्कशीट, रोल नंबर, स्कूल का नाम, पता, प्राप्तांक, माइग्रेशन सर्टिफिकेट, चरित्र प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र की फोटो प्रति, किसी कारण से पढ़ाई जारी नहीं रखने के चलते गैप ईयर एफिडेवेट, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की फोटो प्रति मुख्य है। विद्यार्थी कॉलेज परिसर से भी आवेदन कर सकता है। इसके लिए कॉलेजों में हेल्प डेस्क लगाई गई है। आवेदन के लिए विद्यार्थी को एटीएम कार्ड साथ लाना होगा। इससे वे अपनी फीस मौके पर ही जमा करा सकेंगे। एनसीसी, एनएसएस या खेल प्रमाण पत्र होने पर उसकी प्रति भी साथ लाएं। इससे दाखिले में छूट मिल सकेगी। विद्यार्थी अपनी अन्य उपलब्धि को भी दर्शा सकता है।
91 प्रतिशत अंक लेकर भी छवि दाखिले को लेकर चिंतित
राजकीय महिला महाविद्यालय में छवि अपनी बहन प्रीती के साथ दाखिला संबंधी जानकारी लेने पहुंची। बारहवीं में विज्ञान संकाय में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली यह छात्र अपने दाखिले को लेकर चिंतित नजर आई। उसे अपना दाखिला सुनिश्चित होने की चिंता है। अब वह कला संकाय से स्नातक करना चाहती है। बीएसई के बाद प्रशासनिक सेवाओं में ज्यादा अवसर नहीं होने के चलते वह इंग्लिश आनर्स से पढ़ाई करना चाहती है।
जींद से फार्म भरवाने आई छात्रा
पंडित नेकी राम शर्मा कॉलेज में जींद से एक छात्रा बुधवार को अपना आवेदन भरने पहुंची। यहां हेल्प डेस्क पर मौजूद शिक्षिका ने उसे बताया कि दाखिले के लिए वह अपने घर से भी आवेदन कर सकती थी। इतनी दूर कॉलेज आने की जरूरत नहीं थी। इस पर छात्रा ने ऑनलाइन आवेदन की जानकारी नहीं होने की बात कही।
फीस जमा कराने के लिए साथ लाएं एटीएम
नेकीराम कॉलेज मेें पूछताछ केंद्र संभाल रही शिक्षिका ने बताया कि दाखिले के लिए विद्यार्थी एटीएम कार्ड जरूर लाएं। इसी से फीस जमा होगी। एटीएम कार्ड नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ती है। एससी एसटी विद्यार्थियों की फीस नहीं लगेगी। शेष को 150 रुपये शुल्क देना होगा।
16 जून से लगेंगी हेल्प डेस्क
जाट कॉलेज के कार्यकारी प्रायार्य डॉ. दिलबाग कादयान ने बताया कि विद्यार्थियों के दाखिले के लिए पोर्टल ओपन हो गया है। कॉलेज में एमएड व बीएड की परीक्षा चल रही है। इस कारण हेल्प डेस्क शुरू नहीं हो पाई है। इसकी वजह परीक्षा के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश वर्जित होना है। परीक्षाएं 15 जून को खत्म होंगी। इसके बाद सुचारु रूप से हेल्प डेस्क लगाई जाएगी। कुछ विद्यार्थी पहले दिन दाखिला संबंधी सवाल लेकर कॉलेज पहुंचे। यह संख्या अगले सप्ताह से बढ़ने की उम्मीद है।