सीएम और पीएम को विरोध स्वरुप दस हजार मैसेज भेजेंगे रोडवेज कर्मचारी
रोडवेज के बेडे़ में 500 निजी बसों को शामिल किए जाने का मामला
लोगों को भी एसएमएस के माध्यम से अपने साथ जोड़ेंगे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
रोडवेज के बेड़े में 500 नई निजी बसों क ो शामिल कि ए जाने की घोषणा के बाद रोडवेज कर्मचारियों में आक्रोश पनप रहा है। वे विरोध स्वरुप सीएम और पीएम को मैसेज भेजेंगे। बसों को शामिल नहीं किए जाने की मांग की जाएगी। साथ ही लोगों को भी निजी बसों को शामिल किए जाने के संबंध में मैसेज भेजे जाएंगे।
हाल ही में सरकार ने रोडवेज के बेडे़ में 500 नई बसों को शामिल करने की घोषणा की। जिसका रोडवेज कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। रोडवेज कर्मचारियों ने दो दिन तक निजी बसों को शामिल किए जाने के विरोध में रोडवेज अड्डे पर धरना दिया था। यहीं नहीं जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।
रोडवेज कर्मचारी महासंघ के प्रधान युद्घवीर सिंह दांगी ने बताया कि इससे रोडवेज में भी निजीकरण हो जाएगा। निजी बसों के संचालक जनता को वह फायदा नहीं देते हैं जो उन्हें रोडवेज की सरकारी बस से मिलता है। ऐसे में शामिल होने वाली 500 निजी बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को लाभ नहीं मिलेगा। बसों को नहीं चलवाने की मांग को लेकर सीएम व पीएम को दस हजार से अधिक मैसेज भेजे जायेंगे। इसके अलावा लोगों को भी मैसेज भेजकर बसों का विरोध करने के प्रति जागरुक किया जाएगा। कहा कि यदि जल्द ही मांगों को नहीं माना जाता है तो कर्मचारी बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।