सीएम के आदेश के पांच माह बाद भी नहीं पहुंचा पानी, डीसी ऑफिस पहुंची बलकरा गांव की पंचायत
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेश के बाद भी बलकरा गांव के ग्रामीणों की पेयजल किल्लत दूर नहीं हुई है। पांच माह पहले नगर प्रवास के दौरान स्वयं सीएम पुलिस फोर्स की मदद से मुख्य लाइन के जरिए गांव में पानी पहुंचाने के आदेश जारी कर चुके हैं। पांच माह बाद भी समस्या दूर नहीं होने से ग्राम पंचायत में रोष है। सरपंच और कई ग्रामीण मंगलवार को डीसी कार्यालय पहुंचे और समस्या का जल्द समाधान न होने पर प्रदर्शन करने की चेेतावनी दे डाली। ग्रामीणों ने उपायुक्त से समस्या के जल्द समाधान की गुहार भी लगाई।
डीसी कार्यालय पहुंचे सरपंच सोमबीर, हरिप्रकाश, मोनू, मुकेश, सुरेश, श्रीभगवान, बलजीत, राजेश, आनंद व मुकेश ने बताया कि उनके गांव में करीब तीन साल पूर्व पेयजल संकट को खत्म करने के लिए गांव की चार एकड़ भूमि पर दो करोड़ की लागत से जलघर बनाया गया था। इसके बाद से ही यहां पानी नहीं पहुंचा है। गांव की करीब पांच हजार की आबादी अपने स्तर पर ही पानी का प्रबंध करने को विवश है। सरपंच ने बताया कि गांव के जलघर का अब तक कनेक्शन नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि कोई दूर-दराज के क्षेत्र से पानी ला रहा है तो कोई टैंकर डलवाकर पानी संबंधी जरूरतों को पूरा कर रहा है। उन्होंने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग की प्लानिंग मुताबिक मुख्य पेयजल लाइन से मौड़ी, गोठड़ा व बलकरा के ग्रामीणों को पानी मिलना था। विभाग ने मौड़ी व गोठड़ा में तो कनेक्शन देकर पानी पहुंचा लेकिन बलकरा में अब तक व्यवस्था नहीं की गई है। इसके कारण लाखों खर्च बर बनाया गया जलघर भी जर्जर होने लगा है। सरपंच सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अन्य दो गांव पानी बंटवारे के डर से उनके जलघर का कनेक्शन नहीं करने दे रहे लेकिन विभाग इस संबंध में कोई कदम नहीं उठा रहा। सरपंच सोमबीर ने बताया कि गत अक्तूबर माह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल जब दादरी आए थे तो जनता दरबार में भी पंचायत ने उनके सामने यह समस्या रखी थी। इस पर सीएम ने जन स्वास्थ्य विभाग को पुलिस फोर्स की मदद लेकर बलकरा गांव का मुख्य लाइन से कनेक्शन करने के आदेश देकर गए थे लेकिन पांच माह बाद भी विभाग ने इस मसले की कोई सुध नहीं ली है। सरपंच सोमबीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के अलावा अपनी समस्या वो विधायक सुखविंद्र मांढ़ी व सांसद धर्मबीर सिंह को भी अवगत करा चुके हैं। सरपंच ने बताया कि इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
वर्जन::
डीसी साहब से हमने मुलाकात की थी। उन्होंने कनेक्शन न होने के कारणों की जांच कराने का आश्वासन दिया है। पेयजल संकट से गांव जूझ रहा है और विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
सोमबीर सिंह, सरपंच बलकरा