घिकाड़ा में शुरू हुआ पेयजल प्रोजेक्ट का कार्य
चरखी दादरी। सरकार के निर्देशों पर जन स्वास्थ्य विभाग ने पेयजल समस्या से त्रस्त गांव घिकाड़ा में पेयजल प्रोजेक्ट पर सोमवार से काम शुरू करवा दिया है। पहले दिन जेसीबी से पेयजल लाइन डालने के लिए खुदाई की गई। वहीं, ग्रामीणों ने पेयजल प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने से राहत की सांस ली है।
सरपंच सोमेश की देखरेख में गांव की फिरणी से नीम वाली गली तक पेयजल लाइन के लिए खुदाई का काम शुरू हुआ। सरपंच ने बताया कि पेयजल की लाइन न होने से गांव के एक बड़े हिस्से में पेयजल संकट बना हुआ था। अब यह समस्या दूर हो जाएगी। इस प्रोजेक्ट के लिए एक करोड़ 38 लाख 50 हजार रुपये खर्च होगा। पेयजल लाइन के लिए मैप विभाग को सौंपा जा चुका है। पेयजल लाइन का काम पूरा होने पर गांव में पेयजल की समस्या दूर हो जाएगी। सरपंच ने इस प्रोजेक्ट की मंजूरी पर मुख्यमंत्री, जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मेनपाल, बिजेंद्र हुड्डा, उपायुक्त का आभार जताया है।