रोहतक। एक आनलाइन कंपनी के वैलेट से आर्डर किया 375 रुपये का पिज्जा दो मिनट बाद ही रद्द करना एक महिला को महंगा पड़ा। कंपनी से अपनी यह राशि वापस लेने के लिए गूगल पर हेल्प लाइन का नंबर सर्च कर फोन करने के बाद उसके खाते से 66 हजार रुपये निकल गए। आनलाइन ठगों ने फोन पर बात करते हुए उससे पिन कोड पूछकर तीन बार में यह राशि निकाली।
पुलिस को दी शिकायत में कहा गया है कि खाता अनीता के नाम से सेलरी एकाउंट है। पेटीएम वैलेट से पिज्जा आर्डर करने के दो मिनट बाद ही इसे रद्द कर दिया। बाद में अपना रुपये वापस लेने के लिए कंपनी से संपर्क किया। इस दौरान हेल्प लाइन पर बोलने वाले व्यक्ति ने पेटीएम से रुपये वापस देने में असमर्थता जाहिर करते हुए मोबाइल नंबर मांगा। इस नंबर पर ठगों ने काल कर कुछ कोड बताने को कहा और बात करते हुए तीन बार में रुपये निकाले। पहली बार में 19 हजार 999 रुपये, दूसरी बार में पांच हजार रुपये व 999 रुपये निकाले। इसके बाद डेबिट कार्ड ब्लॉक करा दिया। इसके बाद भी आन लाइन ठगों ने खाते से रुपये निकालने का प्रयास किया, मगर वे सफल नहीं हो सके। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।