फ्लैग : नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की सियासत गरम
हेडिंग : हुड्डा के प्रत्याशी से नहीं कांग्रेस का कोई सरोकार : अशोक तंवर
: प्रदेश में हुड्डा ही कांग्रेस, निगम चुनाव में देंगे भाजपा व इनेलो को शिकस्त : दांगी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। नगर निगम मेयर के चुनाव में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा अपने समर्थक सीताराम सचदेवा को आशीर्वाद देने से कांग्रेस की अंदरूनी सियासत फिर गरमाने लगी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर का कहना है कि हुड्डा के प्रत्याशी से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा व इनेलो को छोड़कर कांग्रेस कार्यकर्ता व्यक्तिगत विवेक से निर्णय लेकर किसी को भी वोट दे सकते हैं। उधर, हुड्डा समर्थक विधायक आनंद सिंह दांगी का कहना है कि प्रदेश में हुड्डा ही कांग्रेस हैं। किसी के कहने से कुछ फर्क नहीं पड़ता।
वीरवार सुबह अशोक तंवर रोहतक पहुंचे और सबसे पहले अंबेडकर चौक पर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार एक तरफ जीरो टोलरेंस की बात करती है, दूसरी तरफ भ्रष्टाचार पर चुप्पी साधे हुए है। आरटीआई कार्यकर्ता के कागजात दिखाते हुए तंवर ने कहा कि गुड़गांव में सरेआम सरकारी रास्ते पर कब्जा किया जा रहा है, लेकिन अधिकारी चुप हैं। वहीं, यमुनानगर निगम की वार्डबंदी के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता संजीव का अलग और उसकी पत्नी का वोट दूसरे वार्ड में कर दिया गया। इससे साफ है कि सरकार ने आठ माह विरोधियों को कमजोर करने के लिए गड़बड़ी की हैं। कार्यकर्ता लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दें। निगम चुनाव में भाजपा व इनेलो को छोड़कर कार्यकर्ता किसी भी प्रत्याशी को अपने विवेक के आधार पर वोट दें।
-----------
दांगी बोले, हुड्डा ही कांग्रेस, जिताएंगे सचदेवा को
उधर, कांग्रेस के महम से विधायक आनंद सिंह दांगी, कलानौर से विधायक शकुंतला खटक, पूर्व विधायक बीबी बतरा व पूर्व सांसद शादीलाल बतरा, निवर्तमान मेयर रेनू डाबला, कृष्णमूर्ति हुड्डा, सतीश पंसारी, राजबीर सैनी, ताराचंद सैनी, देवेंद्र भारत व दूसरे कांग्रेसियों ने सीताराम सचदेवा का नामांकन दाखिल कराया। इसके लिए गांधी कैंप से हुडा प्रशासक ऑफिस से जुलूस निकाला गया। मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस विधायक दांगी, खटक व बतरा ने कहा कि कांग्रेस का दूसरा नाम प्रदेश में हुड्डा है। मेयर प्रत्याशी सीताराम सचदेवा ही निगम चुनाव जीतेंगे। उनके लिए सभी कांग्रेस विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद चुनाव प्रचार करेंगे। किसी के कहने से कुछ फर्क नहीं पड़ता। हकीकत समझनी चाहिए। वहीं, सीताराम सचदेवा ने कहा कि शहर में पीने के पानी व टूटी सीवरेज लाइन की बड़ी किल्लत है। शहर में खुद को कोई सुरक्षित नहीं समझ रहा। मेयर बनते ही इन समस्याओं को दूर किया जाएगा।