सफाईकर्मी हड़ताल पर, सफाई व्यवस्था चरमराई
अमर उजाला ब्यूरो
कलानौर।
अपनी मांगों को लेकर नगरपालिका के अधीन कार्य करने वाले सफाई कर्मचारी तीसरे दिन भी हड़ताल पर बैठे। इंदिरा पार्क के सामने धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हड़ताल के कारण कस्बे की सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई। कस्बे के मेन बाजार से लेकर गलियों तक कूड़े के ढेर लगे पडे़ हैं। नालियों में गंदगी की भरमार है। सफाई न होने के कारण गंदा पानी गलियों में बह रहा है। गंदगी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरने पर राजेश, वीरभान, सदानंद, मोनू, लाला, अशोक, अनीता, सुनीता, माया, रवि आदि बैठे थे।
फोटो 1-धरने पर बैठे सफाईकर्मी
फोटो 2- कस्बे में लगे गंदगी के ढेर
डीवाईएफआई और एसएफआई ने निगम कर्मचारियों की हड़ताल को दिया समर्थन
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) व स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की राज्य कमेटियों ने नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिका के कर्मचारियों की तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल को समर्थन दिया है। प्र्रदेश सरकार से हड़ताली कर्मचारियों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है।
डीवाईएफआई राज्य सचिव संदीप सिंह व एसएफआई राज्य सचिव सुमित सिंह ने कहा कि दोनों संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कार्यालय में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करने का फैसला लिया है। प्रदेश सरकार निगम, परिषद व पालिकाओं में कार्यरत हजारों कच्चे-पक्के कर्मचारियों का शोषण कर रही है। ठेका प्रथा, तदर्थ आधार व आउटसोर्सिंग के नाम पर कर्मचारियों को मामूली वेतन दिया जा रहा है। जबकि सर्वोच्च न्यायालय ने अपने ऐतिहासिक निर्णय में समान काम के लिए समान वेतन दिए जाने के आदेश दिए हैं। सरकार इन आदेशों का पालन न करके एक तरफ न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर रही है तो दूसरी तरफ कर्मचारियों का शोषण कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। प्रतिनिधिमंडल में एसएफआई के जिला सचिव सुरेंद्र, एमडीयू यूनिट प्रधान अर्जुन, डीवाईएफआई कार्यकर्ता संदीप, नीरज शामिल रहे।