शादी का झांसा देकर युवती से दो साल तक दुराचार
चरखी दादरी।
महेंद्रगढ़ के एक गांव निवासी युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर कथित तौर पर दो साल तक दुराचार करने और परिजनों की मदद से दो बार गर्भपात कराने के आरोप लगाते हुए सिटी थाना पुलिस को शिकायत सौंपी है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक सहित उसकी मां व बहन सहित खरखौदा के अस्पताल संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने बताया कि अब भी वह दो माह की गर्भवती है और अब आरोपी व उसके परिजनों ने शादी से साफ इंकार कर दिया। सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 2015 में वह दादरी में जीएनएम की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात महेंद्रगढ़ जिले के ही एक गांव निवासी सोनू से हो गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान शादी का झांसा देकर सोनू ने उसकी पढ़ाई छुड़वा दी और उसके साथ दादरी शहर में किराये का कमरा लेकर करीब छह माह तक उसके साथ रहा। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई। इसके बाद खरखौदा के एक अस्पताल में ले जाकर उसका गर्भपात करवा दिया। इसके बाद वो दोनों दिल्ली में रहकर पुलिस की कोचिंग लेने लगे। पीड़िता ने बताया कि दिल्ली में भी आठ माह तक आरोपी ने उसके साथ दुराचार किया और वह दोबारा से गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी बहन के साथ मिलकर उसका दोबारा से गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने बताया कि दो बार गर्भपात कराने पर भी सोनू ने उससे शादी नहीं की और लगातार उसका यौन शोषण जारी रखा। पीड़िता ने बताया कि अब वह तीसरी बार गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसके साथ शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि इससे पहले सोनू की मां व बहन ने उनकी शादी की हामीं भरी थी और उसे उनके गांव भी बुलाया था।
यौन शोषण के बाद चूहे मारने की दवा दे गया आरोपी
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि अब आरोपी सोनू उसकी मां व बहन लगातार उसे फोन पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। इसकी रिकार्डिंग भी उसके पास है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी 15 दिन पहले उसे चूहे मारने की दवा दे गया। पीड़िता ने बताया कि सोनू ने दवा देते हुए कहा कि ये पी लेना इसके बाद जिंदगी से ही पीछा छूट जाएगा।
वर्जन::
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आरोपी सहित उसके दो परिजनों व खरखौदा के अस्पताल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 313,34, 376(2) व 506 के तहत केस दर्ज किया गया है।
सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता