सड़कों पर अतिक्रमण से सिकुड़े शहर के बाजार
चरखी दादरी।
इस समय शहर की ज्यादातर प्रमुख सड़कें अतिक्रमण की चपेट में हैं और इसका सीधे तौर पर असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर परिषद की तरफ से अतिक्रमण हटाने के लिए पिछले करीब छह माह से व्यापक पैमाने पर अभियान तक नहीं चलाया गया। नप की सुस्ती का फायदा अतिक्रमणकारी उठा रहे हैं। इससे बस स्टैंड रोड, रेलवे स्टेशन रोड, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र व पुरानी सब्जी मंडी सहित शहर की करीब एक दर्जन सड़कों व गलियां अतिक्रमण के चलते सिकुड़कर आधी ही रह गई हैं।
प्रशासनिक सुस्ती के चलते बस स्टैंड रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, कालेज रोड व रेलवे रोड पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। रेहड़ीधारकों की मनमानी से शहर में दिनभर जाम की स्थिति रहती है। पुरानी सब्जी मंडी के सामने फिर से रेहड़ीधारकों ने रेहड़ी लगानी शुरू कर दी है इससे इस रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था बाधित रहती है। हालांकि नगर परिषद ने इससे पहले अभियान चलाकर यहां रेहड़ियां लगाने वालों को खदेड़ा था और इससे रेलवे स्टेशन की ओर जाने वालों को राहत मिली थी। अतिक्रमण के कारण अब फिर से वहीं हालात हो गए है। वहीं रोहतक रोड पर भी रेहडिधारकों ने फिर से अतिक्रमण कर लिया है दुकानदार मनोज व अशोक ने बताया कि यहां दुकानों के सामने रेहड़ियां लगाने से दुकानों में आने वाले ग्राहकों को काफी परेशानी हो रही है।
बाक्स: जाम लगने से हर किसी को होती है परेशानी
1..सड़क पर रेहडिय़ा लगने से ग्राहकों को दुकान में आने में परेशानियां होती है व सड़क पर हर समय जाम लगा रहता है। इससे दुकानदारी पर भी असर पड़ रहा है। वाहन चालकों को भी काफी दिक्क्तो का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदार अनिल, रेलवे रोड
2.. नगर परिषद व ट्रैफिक पुलिस इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। इसके चलते रेहड़ियां व वाहन फिर से सड़कों पर खड़े होने लगे हैं और इनके चलते जाम की स्थिति बनी रहती है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदार बजरंग, पुराना बस स्टैंड रोड
3..पुरानी सब्जी मंडी रोड शहर की मुख्य सड़क है। इस रास्ते से प्रतिदिन सैंकड़ों वाहन गुजरते हैं लेकिन अतिक्रमण के चलते लगने वाले जाम से हर कोई परेशान है। नगर परिषद व ट्रैफिक पुलिस को अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
रामदयाल पाहवा, पुरानी सब्जी मंडी रोड
4..बस स्टैंड रोड पर करीब 100 से ज्यादा रेहड़ियां व वाहन खड़े होते हैं। इसके चलते यहां ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो जाती है। पुलिस तो समय-समय पर कार्रवाई करती है लेकिन नगर परिषद इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही।
दुकानदार हैरी, बस स्टैंड रोड
वर्जन::
मई माह में हम टीमें गठित कर दोबारा से शहर में व्यापक पैमाने पर अभियान चलाएंगे। शहर के अलग-अलग भागों में अतिक्रमण हटाने के लिए हमारी टीम पहुंचेंगी। इसके लिए हम प्लान तैयार कर रहे हैं।
संजय यादव, सचिव, नगर परिषद