सेना भर्ती : अब 27 से हिसार में होगी लिखित परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। राजीव गांधी स्टेडियम में चल रही सेना भर्ती बुधवार को समाप्त हो गई। फिजिकल और मेडिकल में पास होने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। लिखित परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को 27 अगस्त और 29 अक्तूबर को हिसार कैंट में बुलाया गया है।
स्टेडियम में 23 जुलाई को सेना भर्ती शुरू हुई थी। इसमें रोहतक, सोनीपत, पानीपत और झज्जर जिले के अभ्यर्थियों ने भाग लिया है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान बचे हुए सभी अभ्यर्थियों का बुधवार को दोपहर तक मेडिकल चला। दोपहर बाद सभी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड दे दिए गए।
फिजिकल और मेडिकल में पास होने वाले सोल्जर जीडी, सोल्जर टेक्निकल और ट्रेडमैन के लिए 27 अगस्त को लिखित परीक्षा होगी। जबकि सोल्जर क्लर्क के लिए 29 अक्तूबर लिखित परीक्षा कराई जाएगी। लिखित परीक्षा में पास होने वाले अभ्यर्थियों का मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा। उधर, राजीव गांधी स्टेडियम में भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर शाम तक सेना ने अपने टेंट और अन्य सामान समेटना शुरू कर दिया था। हिसार और अंबाला कैंट से आए जवानों को भी वापस भेज दिया गया।