रॉड से हमलाकर युवक से माता दरवाजा पर बाइक लूटी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। चार बेखौफ आरोपियों ने मंगलवार रात को शहर के बीचोबीच माता दरवाजा पर एक युवक पर रॉड से हमला कर उसकी बाइक लूट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। वारदात के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लगा।
वाल्मीकि बस्ती निवासी दीपक कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में दीपक ने बताया कि वह रात करीब दस बजे बाइक से माता दरवाजा की तरफ अपने दोस्त से मिलने गया था। दोस्त से कुछ देर बात करने के बाद दीपक वापस घर की तरफ आ रहा था। जब वह माता दरवाजा पर पहुंचा तो चार युवकों ने उसकी बाइक को रोक लिया। जब दीपक ने बाइक रोकने का कारण पूछा तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। दीपक भी आरोपियों से भिड़ गया। मगर तभी एक आरोपी ने रॉड से दीपक के सिर में एक के बाद एक कई वार किये। जब दीपक बेसुध हो गया तो आरोपी उसकी बाइक लूटकर फरार हो गये। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को मिली। सब्जी मंडी थाना प्रभारी सुनीता टीम सहित मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में शहर थाने की पुलिस भी मौके पर आ गई। इसके बाद दीपक से मामले में पूछताछ की गई। पुलिस ने दीपक की शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।