रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में नकल रुकने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को मिलिट्री साइंस, एग्रीकल्चर, ड्राइंग व डांस सरीखे विषयों का पेपर हुआ। इनमें भी जमकर नकल चली। बोर्ड की स्पेशल फ्लाइंग ने एक ही परीक्षा केंद्र में पांच यूएमसी बनाई। यहां एक ही कमरे में दो केस बनने पर ड्यूटी करने वाले शिक्षक को रिलीव करने के अलावा खिड़वाली केंद्र की परीक्षा रद्द करने की सिफारिश की गई है।
बोर्ड परीक्षा में नकलचियों पर सख्ती को लेकर शिक्षा विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में उड़न दस्ते मुस्तैदी के साथ परीक्षा केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। मंगलवार को बोर्ड की स्पेशल फ्लाइंग ने महम सात परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के केंद्र नंबर तीन बी-टू में पांच नकलची पकड़े गए। सभी केस डॉ. सतीश शर्मा ने पकड़े। केंद्र के एक कमरे में दो केस बने। इसके चलते नियमानुसार यहां ड्यूटी पर तैनात शिक्षक को रिलीव करने के लिख दिया गया है। यही नहीं भिवानी से आई आरएएफ-वन टीम भी सक्रिय नजर आई। इस टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खिडवाली के परीक्षा केंद्र में नकल को देखते हुए यहां का पेपर रद्द करने की सिफारिश की है। वैकल्पिक विषयों की परीक्षा के चलते ज्यादातर केंद्रों पर मंगलवार को सन्नाटा नजर आया।