ओवरस्पीड कार का टायर फटा, डिवाइडर पर चढ़ी, तीन लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शहर गलेक्सी मॉल के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार कार का टायर फटने से वह पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार अंबाला कैंट के महेशनगर निवासी युवती मनप्रीत व एक अन्य युवती अर्टिगा कार में सवार होकर बुधवार शाम शहर गलेक्सी मॉल में फिल्म देखने आए थे। इस दौरान कार को साहिल (23) चला रहा था। महिला के अनुसार साहिल उनका भाई है। इस दौरान ओवर स्पीड की वजह से कार का कार का टायर फट गया। जिससे कार पलटकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इसी दौरान आरएसओ टीम व राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कार में से निकालकर नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
---
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
अंबाला सिटी। बुधवार शाम शहर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर राजपुरा निवासी एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिटी जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार शहर राजपुरा निवासी चंद्र (24) व उसका भाई विजय कपड़ा मार्केट में एक दुकान पर काम करता थे। बुधवार शाम करीब 7 बजे जब वह दुकान से छुट्टी करने के बाद राजपुरा जाने के लिए सिटी रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने पहुंचे तो इस दौरान सामने से आ रही शान-ए-पंजाब ट्रेन की चपेट में आने से चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सिटी जीआरपी में तैनात एसआई यशपाल ने बताया कि युवक के शव की शिनाख्त उसके भाई ने की है। उन्होंने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर सिटी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।