फाइनेंसर पर हमले के चार आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। घर से बुलाकर फाइनेंसर पर हमला करने चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्हें वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार शहर वाल्मीकि नगर निवासी फाइनेंसर अमित ने 25 फरवरी को सिटी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि रविवार रात करीब 10.40 पर गांव कौला, जंडली निवासी अरनव (पंडित), शाहबाद निवासी जाटू बोलेरो गाड़ी लेकर उसके घर के बाहर पहुंचे। गाड़ी में हैप्पी व अन्य चार-पांच लड़के भी बैठे थे। इसके बाद वे उसे बिठाकर आर्य चौक पर पहुंचे। यहां जाटू ने 2 लाख रुपये मंगवाने के लिए कहा। मना करने पर जाटू व अरनव ने रिवॉल्वार निकाल ली। दोबारा इंकार करने पर जाटू ने गाड़ी के शीशे पर गोली चला दी। इसके बाद आरोपियों ने उससे सोने की दो चेन, सोने की अंगुठी, तीन मोबाइल व गाड़ी की चॉबी छीन ली और उसे घायल कर जग्गी सिटी सेंटर के नजदीक फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में फाइनेंसर अमित की शिकायत पर शाहबाद निवासी जाटू, जगाधरी गेट निवासी हैप्पी व अरनव निवासी कौंला जंडली के खिलाफ धारा 25, 148, 149, 285, 323, 336, 379 बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बुधवार शाम करीब 6 बजे सीआईए-1 पुलिस ने जाटू, हैप्पी, अरनव व एक अन्य गुरप्रीत को शहर के कालका चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। सभी आरोपियों को वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
---
मामले में कार्रवाई करते हुए शाम चार आरोपियों को कालका चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ जारी है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----- संदीप कुमार, इंस्पेक्टर, सीआईए-1, अंबाला।