कॉलेज में दाखिले के लिए विद्यार्थियों से 150 रुपये कोर्स वसूल रहे साइबर कैफे संचालक
- दाखिले के लिए 150 रुपये सरकारी फीस पर एक कॉलेज में पांच कोर्सों में आवेदन कर सकता है एक विद्यार्थी
हरीश पौड़िया
रोहतक। स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए कॉलेजों के दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ साइबर कैफे पर विद्यार्थियों से लूट भी शुरू हो गई है। कैफे संचालक 150 रुपये प्रति कोर्स के हिसाब से शुल्क वसूल रहे हैं। जबकि कॉलेज में एक विद्यार्थी 150 रुपये में पांच कोर्सों के लिए आवेदन कर सकता है। दो कॉलेज में आवेदन करने वालों से कैफे संचालक 1400 रुपये तक वसूल रहे हैं। अमर उजाला की टीम ने विभिन्न कैफे पर जाकर पड़ताल की तो विद्यार्थियों से लूट का खेल सामने आया।
आवेदक से वसूले जा रहे इंटरनेट शुल्क के 150 रुपये
पावर हाउस चौक स्थित एक साइबर कैफे पर विद्यार्थियों से सबसे ज्यादा ठगी की जा रही है। कैफे संचालक विद्यार्थियों से इंटरनेट शुल्क के ही 150 रुपये वसूल रहा है। यह शुल्क भी एक कोर्स के लिए है। इससे अधिक कोर्स के लिए प्रत्येक कोर्स के हिसाब से 70 रुपये मेहनताना वसूल रहा है। शहर के अन्य कैफे पर इंटरनेट शुल्क करीब 50 से 70 रुपये है। इसके अलावा विद्यार्थियों से ऑनलाइन फीस जमा कराने के नाम पर भी शुल्क वसूला जा रहा है। कैफे संचालक अपने एटीएम से फीस जमा कराने पर 30 से 200 रुपये तक वसूलते हैं। यह शुल्क कोर्स के हिसाब से बढ़ता जाता है।
कॉलेज हेल्पडेस्क पर नि:शुल्क आवेदन
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कॉलेजों में हेल्पडेस्क लगाई गई हैं। यहां कोई भी विद्यार्थी नि:शुल्क आवेदन कर सकता है। उसे कोर्स की फीस जमा करानी होगी। इसके लिए अपना एटीएम साथ लाएं। इससे विद्यार्थी को आवेदन करने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
हेल्पडेस्क से ज्यादा साइबर कैफे पर भीड़
कॉलेज में आवेदन के लिए हेल्पडेस्क पर विद्यार्थी कम आ रहे हैं। यह संख्या करीब 15 से 30 होती है। जबकि साइबर कैफे पर ऐसे विद्यार्थियों की लाइन लगी हैं। यहां ज्यादा शुल्क देकर उन्हें आवेदन कराना पड़ता है। भीड़ होने पर इंतजार भी करना होता है। कई बार कैफे संचालक विद्यार्थी से दस्तावेज व अन्य जानकारी लेकर रख लेता है। इसके आधार पर बाद में ऑनलाइन आवेदन भरता है। कॉलेजों में हेल्प डेस्क की संख्या बढ़ाने पर विद्यार्थियों को कैफे पर लूट से बचाया जा सकता है।
ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया बेहद सरल व सस्ती है। विद्यार्थी दस कॉलेजों में आवेदन कर सकता है। एक कॉलेेज के पांच कोर्सों के लिए वह आवेदवन कर सकता है। इसके लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं है। कॉलेज हेल्पडेस्क पर 150 रुपये प्रति कॉलेज के हिसाब से आवेदन कराए जा रहे हैं। उनसे इंटरनेट व अन्य किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। फीस जमा कराने के लिए विद्यार्थी को अपना एटीएम कार्ड साथ लाना होगा।
- डॉ. एसपी यादव, नोडल अधिकारी, पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय।
आवेदन प्रक्रिया जोरों पर
उच्च शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन जोरों पर है। विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन करने में व्यस्त हैं। राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में अब तक 2998 आवेदन आ चुके हैं। इसके अलावा पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में 4692 आवेदन आ चुके हैं। यह सिलसिला जारी है।