फोटो संख्या 33 से 49
एससी/एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में अनिल विज की कार पर हमला
आरोपी अपने मौसेरे भाई के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम, दोनों गिरफ्तार
- जीआरपी में तैनात एसआई के बेटे का मौसेेरा भाई है मुख्य आरोपी दीपक
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। यहां कष्ट निवारण समिति की बैठक में आए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री की कार पर शुक्रवार को दो युवकों ने हमला कर दिया। इस घटना में मंत्री को चोट तो नहीं आई लेकिन उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने आरोपियों को दबोच कर छानबीन शुरू कर दी है। युवक एससी/एसटी एक्ट में संशोधन का विरोध कर रहे थे। उधर, घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार से मंत्री रेस्ट हाउस पहुंचे। वहां पर लंच करने के बाद दूसरी कार से चंडीगढ़ रवाना हुए।
शुक्रवार दोपहर को लघु सचिवालय में कष्ट निवारण समिति की बैठक में भाग लेने के बाद स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज वापस निकल रहे थे। करीब 1 बजकर 48 मिनट पर जैसे ही उनके बैठने के बाद कार का दरवाजा बंद हुआ, पहले से ही घात लगा कर बैठे आरोपी दीपक ने टाइल्स के टुकड़े से कार पर हमला कर दिया। विज कार में आगे की सीट पर बैठे थे। चंदर नामक चालक कार चला रहा था। पीछे की सीट पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद विज, ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा व समालखा विधायक रविंद्र मच्छरौली बैठे हुए थे। पुलिस ने मौके से अमित निवासी शांति नगर और उसके मौसेेेरे भाई दीपक निवासी महावीर कॉलोनी को हिरासत में लिया। अमित के पिता पानीपत में जीआरपी में एसआई के पद पर तैनात हैं। अमित का एक भाई अध्यापक है जबकि दूसरा गुरुग्राम में टैक्सी चलाता है। पुलिस ने अमित के पिता को सीआईए वन में बुलाया। वहां पर पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा व अन्य लोगों के साथ पूछताछ हुई। पुलिस ने मौके पर तैनात एएसआई हेमराज के बयान पर दोनों युवकों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, किसी व्यक्ति का अपमान करने, सरकारी संपत्ति का नुकसान पहचाने व वारदात में एक व्यक्ति से अधिक के शामिल होने का मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों आरोपियों का मेडिकल चेकअप कराया है। उन्हें शनिवार को अदालत में पेश कर मामले में अन्य खुलासे के लिए पुलिस रिमांड मांगेगी।
-----
पुलिस अधीक्षक कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए डीएसपी जगदीप दुहन को दी गई है। उनसे 48 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसमें दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
- राहुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक
दलित एक्ट में संशोधन का विरोध करने के लिए युवकों ने हमला किया था। पूरे मामले में पुलिस की ओर से लापरवाही है। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
- अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री