चोरी की बाइक सहित दो पकड़े, अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद
चरखी दादरी।
बौंदकलां थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम खेरड़ी नहर के समीप नाकाबंदी कर चोरी की बाइक सहित दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस को 12 बोर का देशी कट्टा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बाइक चोरी व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। रविवार सुबह आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों की पहचान तोशाम थाने के गांव धारण निवासी सुमित व बौंदकलां निवासी निशांत के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि शनिवार देर शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी की बाइक लिए हुए हैं और इनके पास अवैध हथियार होने की भी संभावना है। सूचना के आधार पर एएसआई अनिल कुमार ने अपनी टीम सहित खेरडी नहर पुलिस के समीप नाका लगा दिया। रात करीब आठ बजे पुलिस टीम को कलानौर की तरफ से बाइक सवार दो युवक ओ दिखाई दिए। जब पुलिस टीम ने इन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने गच्चा देकर भागने का प्रयास भी किया लेकिन कुछ दूरी पर पुलिस ने इन्हें धर दबोचा। पुलिस ने जब बाइक संबंधी युवकों से कागजात मांगें तो उन्होंने कागज नहीं होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों की तलाशी भी ली। इस दौरान पुलिस को बौंदकलां निवासी निशांत के पास से एक 12 बोर का अवैध देशी कट्टा व एक कारतूस भी मिला। इसके बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को बौंदकलां थाने ले आई जहां दोनों पर बाइक चोरी व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। रविवार सुबह पुलिस ने दोनों आरोपियों को दादरी कोर्ट में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया। फिलहाल आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने जब बाइक चालक सुमित कुमार से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली। सुमित ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले यह बाइक उन्होंने भिवानी सब्जी मंडी से चोरी की थी और इसके बाद से ही इसे अपने पास रखे हुए थे। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। यह बाइक इन्होंने भिवानी से चोरी की थी। रिमांडवधि के दौरान अन्य वारदातों का खुलासा भी होने की उम्मीद है।
सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता