डेरे के पुजारी पर हमला करके लूटा
- डेरे के दानपात्र से भी रुपये लेकर फरार हो गये आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
आठ दस लोगों ने गांव घडौठी स्थित बाबा चरणाई नाथ, बाबा शरणाई नाथ योगा आश्रम में मंगलवार रात को जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने डेरे के प्रबंधक से लूटपाट की और दानपात्र के भी रुपये लेकर फरार हो गये। इस संबंध में लाखनमाजरा थाने में केस दर्ज किया गया था।
बाबा चरणाई नाथ, बाबा शरणाई नाथ योगा आश्रम के कृष्णानंद तपोस्थली ने बताया कि वह गांव घडौठी के डेरे में प्रबंधक है। उनके साथ उनका गुरुभाई हिमाईनाथ भी रहते हैं। उनका कहना है कि मंगलवार रात को वह डेरे में सो रहे थे। तभी मुंह पर कपड़ा बांधकर करीब दस लोग डेरे में अंदर घुस गये। एक आरोपी के पास हथियार भी था। पहले तो आरोपियों ने दोनों की जमकर पिटाई की। इसके बाद डेरे में रखे सामान की तलाशी ली और सारा सामान बिखेर दिया। एक आरोपी ने उसकी जेब से 35 हजार रुपये निकाल लिये। इतना ही नहीं आरोपियों ने दान पात्र को तोड़ा और उसमें रखी राशि भी निकाल ली। आरोपी तड़के तीन बजे तक डेरे के अंदर ही रहे। फिर कृष्णानंद और हिमाईनाथ को अलग अलग कमरोें में बंद करके चले गये। सुबह डेरे में भगत सोनू आया। उसने जैसे तैसे करके दरवाजा खोला और दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।