8200 चालकों व परिचालकों के लाभ छीनने पर भड़के रोडवेजकर्मी
- कर्मचारियों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : वीरेन्द्र सिंह धनखड़
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में रोडवेज कर्मचारियों की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को रोडवेज प्रदेशाध्यक्ष व संयुक्त संघर्ष समिति के वरिष्ठ नेता वीरेन्द्र सिंह धनखड़ व रोडवेज वर्क्स यूनियन के अध्यक्ष इन्द्र सिंह बधाना ने संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज में कार्यरत 8200 चालकों व परिचालकों में किसी भी कर्मचारी का आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया तो रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि इससे पूर्व विभाग के उच्च अधिकारी हरियाणा प्रदेश से दूसरे राज्यों में जाने वाली लंबी गाड़ियों को भी बंद करने का असफल प्रयास कर चुके हैं, जोकि पूर्ण रूप से जनविरोधी है। काफी लंबे संघर्ष के बाद 8200 चालकों व परिचालकों को पक्का करवाया गया था। अब सरकार बहाना बनाकर उनको दी गई सुविधाओं का हनन करना चाहती है। अत: रोडवेज संयुक्त संघर्ष समिति ने 24 नवंबर को राज्य भर के सभी डिपो पर प्रात: 11 से 3 बजे तक विरोध धरनों का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के नेता सुमेर सिवाच, जोगेन्द्र बल्हारा, युद्धवीर दांगी, सतबीर मुंढाल, विपिन ग्रेवाल, जयकुंवार दहिया, रामधारी, उमेद घणघस सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।